एशेज में इंग्लैंड की हार पर ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का तंज: बैजबॉल क्रिकेट का मजाक उड़ाया, 1882 के शोक संदेश को नए अंदाज में छापा
Published:
3 min read

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में लगातार चौथी एशेज सीरीज गंवा दी।ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने इस पर तंज कसा है। एक अखबार ने बैजबॉल क्रिकेट के लिए "रेस्ट इन पीस" हेडलाइन दी है।
स्पोर्ट्स डेस्क। एक बार फिर एशेज सीरीज गंवाने के बाद इंग्लैंड की आक्रामक क्रिकेट शैली 'बैजबॉल' का मजाक उड़ रहा है। सोशल मीडिया पर तो इस पर तंज कसे ही जा रहे हैं, साथ ही ऑस्ट्रेलियाई मीडिया भी इस गेम स्टाइल का मजाक बना रहा है। एक अखबार ने तो बैजबॉल के लिए रेस्ट इन पीस (RIP) तक लिख दिया है। सोशल मीडिया पर इस अखबार की हेडलाइन वायरल हो रही है।
'वेस्ट स्पोर्ट' नाम के इस अखबार ने 1882 के ऐतिहासिक एशेज शोक संदेश को एक नए अंदाज में छापा है। दरअसल, 1882 में जब इंग्लैंड ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवाई थी, तब इंग्लिश क्रिकेट के खत्म होने की हेडलाइन छपी थी। अब जब इंग्लैंड की टीम ने सीरीज गंवाई है तो अखबार ने ठीक उसी पैटर्न में 'बैजबॉल क्रिकेट' को श्रद्धांजलि दी है।
अखबार ने बैजबॉल को कुछ ऐसे दी श्रद्धांजलि
अखबार ने मजाकिया शोक संदेश में लिखा- बैजबॉल की मौत 21 दिसंबर 2025 को 'एडिलेड ओवल क्रिकेट ग्राउंड' में हुई। इसमें ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स की तरफ से शोक संदेश भी छपे। यह भी लिखा गया कि ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ तीन मैच और 11 दिन में एशेज अपने नाम कर ली।

एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 82 रन से हराया। इस नतीजे के साथ एशेज सीरीज पर कंगारू टीम का कब्जा हो गया। यह चौथी बार था जब बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने लगातार ऑस्ट्रेलिया में एशेज गंवाई है।
इंग्लैंड ने जनवरी 2011 के बाद से ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है। उसी साल इंग्लैंड ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज अपने नाम की थी। वहीं, इंग्लैंड ने 2017 के बाद से अपने घर में भी एशेज नहीं जीती है।
फास्ट पिचों पर इंग्लैंड की कमजोरी
पूरी सीरीज में फास्ट और उछाल भरी पिचों पर इंग्लैंड की बल्लेबाजी कमजोर नजर आई। पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन के अंदर आठ विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद ब्रिस्बेन के डे नाइट टेस्ट में भी इंग्लैंड को आठ विकेट से हार मिली। तीसरे टेस्ट में पैट कमिंस की वापसी से ऑस्ट्रेलियाई टीम और मजबूत हुई। इंग्लैंड ने शुरुआत में तो टक्कर दी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर आसानी से जीत हासिल कर ली।
क्लीन स्वीप का खतरा
पांच मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 3-0 की अजेय बढ़त ले चुका है। इंग्लैंड पर अब 5-0 से क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। एशेज 2025-26 सीरीज का अगला मैच (चौथा टेस्ट) 26 दिसंबर 2025 को मेलबर्न (MCG) में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा। सीरीज का आखिरी मैच 4 जनवरी 2026 को सिडनी (SCG) में होगा।

