बांग्लादेश ने पाकिस्तान को लगातार दूसरी बार हराया : होम-अवे दोनों टेस्ट सीरीज जीतीं; लिटन दास प्लेयर ऑफ द मैच
Published:
3 min read

बांग्लादेश टीम ने अगस्त 2024 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब 2 टेस्ट की सीरीज में पाकिस्तान को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। (@BCB)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। दूसरा टेस्ट सिलहट में खेला गया था। मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 78 रन से हराया। इसी के साथ बांग्लादेश ने पहली बार अपनी घरेलू जमीन पर पाकिस्तान का टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया।लिटन दास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 126 रन और दूसरी पारी में 69 रन बनाए थे।
इससे पहले दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मीरपुर में खेला गया था, जिसमें बांग्लादेश ने 104 रन से जीत दर्ज की थी।
437 रन का टारगेट
अब दूसरे टेस्ट की बात करें तो पाकिस्तान के सामने मैच जीतने के लिए 437 रन का टारगेट था। शान मसूद की कप्तानी वाली टीम पांचवें दिन पहले सेशन में 358 रन पर ऑलआउट हो गई।
- पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
- पहली पारी में बांग्लादेश- 278/10
- पहली पारी में पाकिस्तान- 232/10
- दूसरी पारी में बांग्लादेश- 390/10
- दूसरी पारी में पाकिस्तान 358 पर ढेर

134 रन की पार्टनरशिप
पांचवें दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 121 रन और चाहिए थे। उसके हाथ में सिर्फ 3 विकेट बचे थे। मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा के बीच 134 रन की पार्टनरशिप हुई। रिजवान ने 166 बॉल पर 94 रन की इनिंग खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
मैच का टर्निंग पॉइंट तैजुल इस्लाम की बॉलिंग रही। तैजुल ने दूसरी पारी में 6 विकेट लिए। पूरे मैच में उनके नाम 9 विकेट रहे।

लिटन दास ने 126 रन बनाए
बांग्लादेश की जीत में लिटन दास और मुशफिकुर रहीम का भी योगदान रहा। पहली पारी में लिटन दास ने 126 रन की अच्छी इनिंग खेली, जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने 278 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 232 रन पर सिमट गई।
दूसरी पारी में मुशफिकुर रहीम ने 137 रन बनाए। वहीं लिटन दास ने 69 और महमूदुल हसन जॉय ने 52 रन की इनिंग खेलीं। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 390 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने टारगेट सेट किया।
पहले भी पाकिस्तान का हुआ था क्लीन स्वीप
इससे पहले अगस्त 2024 में बांग्लादेश टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच रावलपिंडी में 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसमें बांग्लादेश ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।

