बांग्लादेश ने 21 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को हराया: AUS के खिलाफ ODI इतिहास में यह दूसरी जीत, मीरपुर वनडे में 86 रन से हराया
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई वनडे टीम इस समय बांग्लादेश टूर पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 3 मैच की ODI सीरीज खेली जा रही है। पहला मुकाबला मंगलवार (9 जून) को मीरपुर में खेला गया। बांग्लादेश ने बड़ा अपसेट करते हुए डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को 86 रन से हराया।
21 साल का इंतजार
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI क्रिकेट में बांग्लादेश की यह सिर्फ दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने 18 जून 2005 को कार्डिफ वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 23 ODI खेले गए हैं। इनमें बांग्लादेश ने 2, ऑस्ट्रेलिया ने 20 मैच जीते हैं। 1 मैच बेनतीजा रहा।

प्लेयर ऑफ द मैच मोसाद्देक हुसैन
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 284 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच मोसाद्देक हुसैन ने 70 बॉल पर नाबाद 86 रन बनाए। साथ ही 2 विकेट लिए। वहीं पेसर नाहिद राणा ने 4 विकेट लिए।
जवाब में 285 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया 42.2 ओवर में 9 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। इसी दौरान बारिश और खराब लाइट की वजह से मैच रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के तहत बांग्लादेश को 86 रन से विनर बनाया गया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन 52 रन बनाकर नाबाद रहे।
चार साल बाद कमबैक
4 साल बाद वनडे टीम में कमबैक कर रहे मोसाद्देक हुसैन ने 70 बॉल में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 86 रन बनाए। उन्हें मैच में 3 जीवन दान मिला। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 67 रन और ओपनर तंजीद हसन ने 54 रन की इंपॉर्टेंट इनिंग खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 38 रन देकर 3 विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया की फ्लॉप शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। पहली ही बॉल पर मैथ्यू शॉर्ट बोल्ड हो गए। मार्नस लाबुशेन भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। कूपर कॉनोली ने 35 रन, एलेक्स कैरी ने 47 रन और कप्तान जोश इंग्लिस ने 19 रन बनाए। कोई भी बैटर बड़ी इनिंग नहीं खेल सका।
15 साल बाद बांग्लादेश टूर पर ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया की टीम 15 साल बाद बांग्लादेश में कोई बाइलेटरल वनडे सीरीज खेलने पहुंची है। पहला मैच जीतकर बांग्लादेश ने सीरीज में 1-0 की लीड बना ली है। सीरीज के बाकी दोनों मुकाबले भी मीरपुर में ही खेले जाएंगे। दूसरा मैच गुरुवार और तीसरा मैच रविवार को होगा।


