बांग्लादेश ने पाकिस्तान को लगातार तीसरी बार हराया: मीरपुर टेस्ट 104 रन से जीता; इससे पहले पाकिस्तान को उसी घर में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था
Published: Updated:
3 min read

बांग्लादेश टीम ने अगस्त 2024 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब 2 टेस्ट की सीरीज में पाकिस्तान को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। (@BCB)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश टेस्ट टीम इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर पूरी तरह हावी नजर आ रही है। उसने लगातार तीसरे टेस्ट में पाकिस्तानी टीम को शिकस्त दी। शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान टेस्ट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है। दोनों टीम के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मीरपुर में खेला गया, जिसमें बांग्लादेश ने 104 रन से जीत हासिल की।
इससे पहले बांग्लादेश टीम ने अगस्त 2024 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब दोनों टीम के बीच रावलपिंडी में 2 टेस्ट की सीरीज हुई थी, जिसमें बांग्लादेश ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस तरह पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की टेस्ट में यह लगातार तीसरी जीत है।
घर में पाकिस्तान को पहली बार हराया
बांग्लादेश टीम ने अपने घर में पाकिस्तान टीम को टेस्ट मैच में पहली बार हराया है। दोनों टीम के बीच बांग्लादेश में अब तक 9 टेस्ट खेले गए। इसमें पाकिस्तान ने 7 और बांग्लादेश ने एक जीता है। ओवरऑल दोनों टीमों के बीच अब तक 16 टेस्ट हुए, जिसमें से पाकिस्तान ने 12 और बांग्लादेश ने 3 जीते हैं।
बांग्लादेश को पहली पारी में 27 रन की बढ़त
मीरपुर टेस्ट में पाकिस्तान टीम के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद बांग्लादेश टीम ने पहली पारी में 413 रन बनाए। इस दौरान कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 101 रन की शतकीय पारी खेली। मोमिनुल हक ने 91 और मुस्तफिजुर रहमान ने 71 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने 5 और शाहीन शाह अफरीदी ने 3 विकेट लिए।
पाकिस्तान टीम अपनी पहली पारी में 386 रन ही बना सकी। उसके लिए अजान अवैस ने 103 रन की शतकीय पारी खेली। अब्दुल्लाह फजल ने 60, मोहम्मद रिजवान ने 59 और सलमान आगा ने 58 रन बनाए। जबकि मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट लिए।
पाकिस्तान को मिला 268 का टारगेट
इस तरह बांग्लादेश को पहली पारी में 27 रन की बढ़त मिली। फिर बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 9 विकेट पर 240 रन बनाकर पारी घोषित की। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 87 और मोमिनुल हक ने 57 रन बनाए। हसन अली और नोमान अली ने 3-3 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी को 2 सफलता मिली। इस तरह पाकिस्तान के सामने 268 रन का टारगेट सेट किया।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 163 रन पर ही ढेर हो गई। अब्दुल्लाह फजल ने 66 और सलमान आगा ने 26 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने 5 विकेट लिए। तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद को 2-2 सफलता मिली।

