अगले FIFA WC में 64 टीम हुईं तो इंडिया के चांस: बाइचुंग भूटिया बोले- मेन्स टीम वर्ल्ड कप खेल ही ले इसकी गारंटी नहीं, वुमन्स टीम की उम्मीद ज्यादा
Published: Updated:
3 min read

पूर्व भारतीय कप्तान बाइचुंग भूटिया ने 2011 में रिटायरमेंट ले लिया था। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 107 मैच में 42 गोल किए। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया ने कहा है कि यदि अगले FIFA वर्ल्ड कप में 48 से बढ़ाकर 64 टीमें हुईं तो भारतीय टीम के पास खेलने का चांस रहेगा। हालांकि भूटिया ने कहा कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप खेल ले, इसकी कोई गारंटी नहीं है। उसे अब भी अपने खेल और स्ट्रक्चर पर काफी सुधार की जरूरत है। भूटिया ने माना कि मेन्स से पहले वुमन्स इंडियन फुटबॉल टीम के वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीद ज्यादा है।
दरअसल, भारतीय टीम अब तक FIFA वर्ल्ड कप नहीं खेल सकी है। 1950 का वर्ल्ड कप ब्राजील की मेजबानी में हुआ था। इस दौरान कई टीमों ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था। तब इंडिया को जगह मिली थी। हालांकि भारतीय टीम ने भी खेलने की ललक नहीं दिखाई और नाम वापस ले लिया था। यानी अब तक भारतीय टीम FIFA वर्ल्ड कप नहीं खेली।
इंडियन टीम के पास क्वालिफाई के चांस
भूटिया ने न्यूज एजेंसी से कहा- एक भारतीय फुटबॉल फैन होने के नाते मेरा मानना है कि यदि FIFA वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या बढ़ाने का फैसला अच्छा है। मैं यह नहीं कह रहा कि भारतीय टीम क्वालिफाई कर ही लेगी, लेकिन 48 से 64 टीम होती हैं तो टीम के पास क्वालिफाई करने के चांस रहेंगे।
उन्होंने कहा- इसका मतल यह नहीं है कि देश को इस खेल के लिए काम करने की जरूरत नहीं है। हमें अब भी अपने सिस्टम, स्ट्रक्चर और ग्रासरूट डेवलपमेंट की जरूरत है। ज्यादा से ज्यादा बच्चों को फुटबॉल से जोड़ना होगा और दमदार खिलाड़ी तैयार करने होंगे।
सबसे पहले टीम इंडिया को अंडर-17, अंडर-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करना होगा। इसके बाद सीनियर टीम के बारे में सोच सकते हैं। इसके बाद कहीं जाकर हमारे लिए उज्बेकिस्तान और मोरक्को की तरह क्वालिफाई करने के चांस बनेंगे। यह दोनों छोटे देश (इंडिया के मुकाबले) होने के बावजूद लगातार अंडर-17, अंडर-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर रहे हैं।
वुमन्स टीम की उम्मीद ज्यादा
2011 में रिटायर होने वाले भूटिया ने कहा- मेरा मानना है कि मेन्स से पहले वुमन्स इंडियन टीम के पास वर्ल्ड कप खेलने का चांस है। यही वजह है कि हमें वुमन्स टीम पर पहले और ज्यादा फोकस करना चाहिए। उन्हें ज्यादा मौके देना चाहिए।
वुमन्स FIFA वर्ल्ड कप 2031 में अमेरिका, मेक्सिको, कोस्टा रिका और जमैका की मेजबानी में खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में मेन्स की तरह 32 से बढ़ाकर 48 टीमें कर दी गई हैं। फिलहाल, इंडियन वुमन्स टीम एशिया में 13वीं और वर्ल्ड में 69 रैंकिंग पर है। जबकि मेन्स टीम एशिया में 26वें और वर्ल्ड में 138 नंबर पर है।

