हमें कमजोर मत समझना: बाबर बोले- 90% फिट हूं, अलग अंदाज में नजर आएगी टीम; पिछला टेस्ट नहीं खेला था
Published: Updated:
3 min read

बाबर की उंगली में चोट थी। सूजन के कारण उन्हें बल्ला पकड़ने में परेशानी हो रही थी। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम ने दूसरे टेस्ट से पहले अपनी फिटनेस को लेकर अपडेट दिया है। बाबर ने बताया कि वह करीब 90% फिट हैं और लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए अवेलेबल हैं। उंगली की चोट के कारण बाबर लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में नहीं उतर सके थे।
दरअसल, पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच 3 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच आज (27 अगस्त) से लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
कमबैक करेगी टीम- बाबर
बाबर आजम ने लॉर्ड्स में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि उन्होंने नेट्स में कुछ बार बैटिंग की है और अब वह खुद को सहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह करीब 90% फिट हैं और दूसरे टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हैं। बाबर ने इंग्लैंड को वॉर्निंग देते हुए कहा कि दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की टीम अलग अंदाज में नजर आएगी।
उन्होंने कहा- जब हमें कमजोर माना जाता है, तब टीम कमबैक करने और अपनी क्षमता दिखाने का दम रखती है। लॉर्ड्स ऐतिहासिक रूप से हमारे लिए अच्छा मैदान रहा है और यहां आपको पाकिस्तान की एक अलग टीम देखने को मिलेगी।

सीनियर खिलाड़ियों को उठानी होगी जिम्मेदारी
बाबर ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों से ज्यादा रिस्पॉन्सिबिलिटी लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि टीम को अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करना होगा, लेकिन लगातार मौके मिलने के बाद भी अगर कोई खिलाड़ी परफॉर्म नहीं करता है तो बदलाव पर विचार करना जरूरी है।
उन्होंने यह भी साफ किया कि सिर्फ मोहम्मद रिजवान पर ही परफॉर्मेंस का प्रेशर नहीं है। टीम के सभी सीनियर खिलाड़ियों, जिसमें वह खुद भी शामिल हैं, को जिम्मेदारी उठानी होगी।
ये भी पढ़े: शाहिद अफरीदी का डॉग Max घर लौटा: कई दिन से लापता था, पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने पोस्ट शेयर की थी; फैन्स ने सर्च अभियान चलाया
प्लेइंग इलेवन और पिच कंडीशन पर सस्पेंस
दूसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन अभी तय नहीं हुई है। बाबर ने बताया कि पिच पर ग्रास मौजूद है और टीम अंतिम फैसला टॉस से पहले करेगी। 2 स्पिनर्स को खिलाने के सवाल पर बाबर ने कहा कि सलमान अली आगा को दूसरे स्पिनर के ऑप्शन के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पिच की स्थिति को अंतिम बार देखने के बाद ही प्लेइंग इलेवन पर फैसला लिया जाएगा।

