2 साल-72 इनिंग और 0 सेंचुरी: अहमद शहजाद बोले- कोहली से कम्पेरिजन के चलते बर्बाद हुए बाबर; शोएब अख्तर ने कहा- PAK टीम सिर्फ रावलपिंडी में जीत सकती है
Published:
3 min read

बाबर आजम ने 320 इंटरनेशनल मैच में 14740 रन बनाए है। वह पाकिस्तान के पाचवें सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने बाले खिलाड़ी हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम 2 साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज के खिलाफ तीन ODI में उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए। इसके बाद पाकिस्तान के दो पूर्व क्रिकेटर्स अहमद शहजाद और शोएब अख्तर ने बाबर के परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए हैं।
अहमद शहजाद के मुताबिक- बाबर आजम की तुलना विराट कोहली से की गई, इसका असर उनके कॅरियर पर पड़ा। हालांकि बाबर अच्छा खेल रहे थे, तब उन्हें कोहली जैसा कहा गया, लेकिन अब जब फॉर्म खराब है, तो वही तुलना उनके लिए दबाव बन गई है।
कोहली का बाबर से कोई कम्पेरीजन नहीं
एक पाकिस्तानी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में शहजाद ने कहा- बाबर जब अच्छा खेल रहा था तो आप उसे विराट कोहली से कम्पेयर कर रहे थे। अब जबकि वो रन नहीं बना पा रहा तो अब उसको विराट से कम्पेयर करना ही बंद कर दो। हकीकत ये है कि विराट कोहली जैसा खिलाड़ी कोई नहीं है, ना धोनी और ना कोई और। कोहली एक बैटर, एथलीट और लीडर है। उसके पास हर क्वॉलिटी है।
पाकिस्तानी प्लेयर सिर्फ रिकॉर्ड के लिए खेलते हैं
वेस्ट इंडीज के खिलाफ पाकिस्तान की हार के बाद रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने भी सख्त नाराजगी जाहिर की। एक टीवी शो में शोएब ने कहा- हमारे दौर में हर खिलाड़ी मैच जिताने की सोच के साथ खेलता था। तब प्लेयर अपने एवरेज और रिकॉर्ड की परवाह नहीं करते थे। अब तो हमारी टीम की सोच और जुनून ही खत्म हो गया है।
अख्तर ने आगे कहा- अगर बॉल हल्की सी सीम करने लगती है तो पूरी टीम घबरा जाती है। आप हर जगह रावलपिंडी की सपाट पिच लेकर नहीं घूम सकते। बाहर की कंडीशन में खेलने के लिए मेंटली और टेक्निकली प्रिपेयर्ड रहना जरूरी होता है।
2 साल पहले सेंचुरी लगाई थी
बाबर ने अगस्त 2023 में नेपाल के खिलाफ 151 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से उन्होंने 72 पारियां खेलीं, लेकिन एक भी सेंचुरी नहीं बना सके। इस दौरान उनका एवरेज 31.45 रहा। उन्होंने 2193 रन बनाए। इसमे 18 फिफ्टी शामिल हैं।
बाबर का ODI-TEST रिकॉर्ड
बाबर ने अपने ODI कॅरियर में 134 मैच में 54.23 की एवरेज से 6291 रन बनाए है। इसमें 19 सेंचुरी और 37 फिफ्टी शामिल हैं। बाबर ने 59 टेस्ट में 42 की एवरेज से 4235 रन बनाए। इसमें 9 सेंचुरी 29 फिफ्टी शामिल हैं।
कोहली ODI-TEST रिकॅार्ड
कोहली ने ODI कॅरियर में 302 मैच में 57 की एवरेज से 14181 रन बनाए हैं। इसमें 51 सेंचुरी 74 फिफ्टी शामिल हैं। 123 टेस्ट में 46 की एवरेज से 9230 रन बनाए हैं। इसमें 30 सेंचुरी और 31 फिफ्टी शामिल हैं।
वेस्टइंडीज ने 34 साल बाद पाकिस्तान को वनडे सीरीज हराई
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे ODI में पाकिस्तान को 202 रन की हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने 1991 के बाद पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ कोई ODI सीरीज जीती।

