2 साल से बाबर का सेंचुरी कॉलम खाली: WI के खिलाफ 0 पर आउट; सोशल मीडिया यूजर्स बोले- PAK का सबसे ओवररेटेड बैटर, नेपाल के खिलाफ था आखिरी शतक
Published:
3 min read

बाबर आजम ने 320 इंटरनेशनल मैच में 14740 रन बनाए है। वह पाकिस्तान के पाचवें सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने बाले खिलाड़ी हैं। (फाइल)
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और मिडिल ऑर्डर बैटर बाबर आजम लगातार खाराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। रविवार, 10 अगस्त को ब्रायन लारा स्टेडियम त्रिनिदाद में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे खेला गया। इसमें बाबर डक यानी शून्य पर बोल्ड हो गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।
नौवें ओवर में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स की एक फुल लेंथ गेंद बाबर का मिडिल स्टंप उखाड़ ले गई। बाबर मायूस होकर वापस लौट गए। अगस्त 2023 से अब तक यानी करीब दो साल से बाबर ने कोई इंटरनेशनल सेंचुरी मार्क नहीं की है।
बाबर का डक आउट मोमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जहां फैन्स और आलोचकों ने उनके खराब फॉर्म पर मीम्स और ताने मारना शुरू कर दिया। एक फैन ने मजाक उड़ाते हुए लिखा – बाबर ने सेंचुरी 100 रन से मिस कर दिया। दूसरे ने लिखा – बाबर आजम पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास के सबसे ओवररेटेड बल्लेबाज हैं।

एक और फैन ने तंज कसते हुए कहा
मिक्की आर्थर ने इन्हें सपोर्ट किया, सरफराज अहमद ने इन्हें तैयार किया, इमरान खान ने कप्तानी के लिए सुझाया, रमीज राजा ने पूरा हक दिया। 2016 से कभी भी बाबर को किसी फॉर्मेट से ड्रॉप नहीं किया गया, जैसा दूसरों के साथ होता है। अब अगर परफॉर्मेंस सही नहीं कर पाए तो दोष सिर्फ बाबर का है।
बाबर आजम का खराब फॉर्म
बाबर लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। अगस्त 2023 में नेपाल के खिलाफ 131 गेंद पर 151 रन की पारी खेली। इसके बाद उन्होंने 71 इंटरनेशनल पारियों में एक भी सेंचुरी नहीं बनाई है। यह लंबा सूखा उनकी खराब फॉर्म और कंसिस्टेंसी पर सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि बाबर अब भी पारी को संभालते हैं और रन बनाते रहते हैं, लेकिन बड़ी पारी का ना आना अब फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट की चर्चा का मुद्दा बन गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में बाबर ने 64 गेंद पर 47 रन बनाकर पाकिस्तान को मुश्किल टारगेट का पीछा करने में मदद की थी। मगर एक अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने का उनका प्रयास साफ दिख रहा है। पाकिस्तान की बल्लेबाजी का नींव संभालने के बावजूद उन पर जल्द मैच जिताने वाली बड़ी पारी खेलने का दबाव बढ़ता जा रहा है। अब जैसे-जैसे सीरीज आगे बढ़ेगी, सभी निगाहें बाबर पर होंगी।


