बाबर पहले बैटिंग सुधारें: पाकिस्तान के कोच बोले- बाबर और रिजवान की वापसी मुश्किल, हमने उन्हें सब बता दिया है
Published:
4 min read

एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान हो चुका है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया है। यहां हेड कोच माइक हेसन के साथ बाबर आजम। (फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 अगले महीने यानी सितंबर में 9 तारीख से UAE में खेला जाएगा। इसके लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान हो चुका है। दो पूर्व कप्तानों बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया है। इस बार यह टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में होगा।
बहरहाल, बाबर के बाहर किए जाने पर पाकिस्तान के कोच माइक हेसन का बयान सामने आया है। हेसन के मुताबिक, इस राइट हैंडर बैटर को साफ बता दिया गया है कि उनकी बैटिंग में फौरन सुधार की जरूरत है। इसके अलावा रिजवान को भी करीब-करीब यही मैसेज दिया गया है।
नए प्लेयर्स को मौका देना जरूरी
लाहौर में मीडिया से बातचीत के दौरान कोच हेसन ने कहा- हम यंग ब्लड चाहते थे। आखिर आप कब तक उन प्लेयर्स को मौका देते रहेंगे, जिनसे उम्मीद की जाती है कि वो टीम को जिताएं और वो ज्यादातर मौकों पर फेल हो जाते हैं। कभी तो आगे सोचना ही होगा। हम वही कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में पाकिस्तान के कोच ने कहा- बाबर को काफी पहले ही बता दिया गया था कि उन्हें अपनी बैटिंग पर फौरन काम करने की जरूरत है। वो लगातार जल्दी आउट हो रहे हैं। वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन फिर लापरवाही में विकेट दे बैठे। दूसरे और तीसरे वनडे में तो वो बिल्कुल भी नहीं टिक सके।
हेसन ने कहा- इसके बाद हमने फैसला किया कि अब नई टीम और नए बैटर्स को मौका दिया जाना चाहिए। हम चाहते हैं कि यंग और एक्सपीरिएंस्ड प्लेयर का कॉम्बिनेशन हो।
वापसी मुश्किल
एक सवाल के जवाब में हेसन ने कहा- जहां तक बाबर की वापसी का सवाल है तो यह बिल्कुल आसान नहीं होगा। वो BBL के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं, वहां वो कैसा परफॉर्म करते हैं, इस पर हमारी नजर रहेगी। यहां एक बात और बताना जरूरी है कि लीग क्रिकेट और इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत फर्क होता है। लीग में चीजें इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर नहीं जातीं और न ही इससे इंटरनेशनल रैंकिंग पर फर्क पड़ता है। इसलिए बाबर को अब हर प्लेटफॉर्म पर वापसी के लिए कड़ी मशक्कत करनी होगी।
रिजवान के बारे में पूछे गए सवाल पर हेसन ने कहा- देखते हैं कि वो किस तरह की तैयारी कर रहे हैं। हम किसी को खारिज नहीं कर रहे, लेकिन हर प्लेयर को अब ये मान लेना चाहिए कि वापसी आसान नहीं होगी।
पाकिस्तान की टीम एशिया कप से पहले शारजाह (UAE) में ट्राई नेशन सीरीज खेलेगी। इसमें UAE और अफगानिस्तान बाकी दो टीम्स हैं। यह सीरीज 29 अगस्त को शुरू होगी।
T20I फॉर्मेट से बाहर ही रहे हैं बाबर-रिजवान
बड़ी बात ये है कि पाकिस्तान ने इस साल (16 अगस्त तक) 14 टी20 मैच खेले, जिसमें बाबर और रिजवान दोनों नहीं थे। बाबर और रिजवान दोनों ने आखिरी T20I मैच 13 दिसंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेला था। इसमें बाबर ने 31 और रिजवान ने 11 रन बनाए थे। ऐसे में समझ सकते हैं कि यह दोनों एशिया कप से बाहर हो सकते हैं।
बाबर की आखिरी सेंचुरी नेपाल के खिलाफ थी
बाबर 2 साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कोई इंटरनेशनल सेंचुरी नहीं लगाई। हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज के खिलाफ तीन ODI में उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 1991 के बाद पहली बार पाकिस्तान को द्विपक्षीय वनडे सीरीज में हराया था।
बाबर ने अगस्त 2023 में नेपाल के खिलाफ 151 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में कुल 72 पारियां खेलीं, लेकिन एक भी सेंचुरी नहीं बना सके। इस दौरान उनका एवरेज 31.45 रहा। उन्होंने 2193 रन बनाए। इसमे 18 फिफ्टी शामिल हैं।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज,मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकीम।

