बाबर और नसीम की पाकिस्तान टी-20 टीम में वापसी: एशिया कप में जगह नहीं मिली थी; रऊफ की छुट्टी, फखर जमां को रिजर्व में रखा
Published:
3 min read

बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में पाकिस्तान टीम के लिए टी-20 मैच खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान ने अगली 4 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि बाबर आजम की टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्हें एशिया कप वाली टीम में जगह नहीं मिली थी। वहीं, फखर जमां को मेन स्क्वॉड से हटाकर रिजर्व में शामिल किया गया है। भारत के खिलाफ एशिया कप फाइनल में महंगे साबित रहे हारिस रऊफ की छुट्टी कर दी गई है।
पाकिस्तान 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों टी-20 सीरीज खेलेगा। इसके बाद 4 नवंबर से 3 मैच की ODI सीरीज खेलेगा। फिर 11 नंवबर से श्रीलंका के खिलाफ 3 मैच की ODI सीरीज शेड्यूल है। 17 नवंबर से पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्बे के बीच ट्राई नेशन सीरीज टी-20 फॉर्मेट में खेली जाएगी।
बाबर और नसीम की टी-20 में वापसी
टीम चयन में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। फखर जमां और हारिस रऊफ को टी-20 टीम से बाहर कर दिया गया है। जबकि बाबर आजम और नसीम शाह की वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी हाल ही में खेले गए एशिया कप में टीम का हिस्सा नहीं थे। बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में पाकिस्तान टीम के लिए टी-20 मैच खेला था। टी-20 वर्ल्ड कप में केवल चार महीने बचे हैं, इसके कारण उन्हें दोबारा टीम में शामिल किया गया है। टी-20 में टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथ में है। वहीं, वनडे की कप्तानी शाहीन शाह अफरीदी को सौंपी गई है।
हारिस और फखर को वनडे में जगह मिली
पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ होने वाले तीन-तीन वनडे की सीरीज के लिए हारिस रऊफ और फखर को टीम में शामिल किया है। इसके साथ ही फैसल अकरम और हसीबुल्लाह को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। खराब फॉर्म से गुजर रहे सईम अयूब को एक और मौका दिया गया है।
साउथ अफ्रीका और ट्राई सीरीज के लिए पाक की टी-20 टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक।
रिजर्व: फखर जमां, हरिस रऊफ, सुफियान मुकीम।
साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के लिए पाकिस्तान की ODI टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फैसल अकराम, फखर जमां, हरिस रऊफ, हसीबुल्लाह, हसन नवाज, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, सैम अय्यूब, सलमान अली आगा।

