बाबर-रिजवान रिटायरमेंट हो जाएं: पूर्व पाकिस्तानी पेसर तनवीर बोले- इज्जत नहीं तो क्यों खेलते हो, विराट कोहली से ही कुछ सीख लेते
Published:
4 min read

पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने अब तक 239 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 8400 रन बनाए हैं।औरबाबर आजम ने 320 इंटरनेशनल मैच में 14740 रन बनाए है। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद ने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को रिटायरमेंट की सलाह दी है। तनवीर के मुताबिक- अगर इन प्लेयर्स की इज्जत ही नहीं की जा रही तो ऐसे में खेलने का फायदा क्या है।
लॉबीज में बंटी पाकिस्तान क्रिकेट मे तनवीर को बाबर और रिजवान का स्पोक्सपर्सन तक कहा जाता है। उनका बयान इसलिए मायने रखता है, क्योंकि इन दोनों पूर्व कप्तान को एशिया कप 2025 की टीम में जगह नहीं दी गई है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।
पहले तनवीर ने क्या कहा, ये जान लेते हैं
तनवीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। लिखा- मेरी बाबर आजम और रिजवान से यह गुजारिश है कि अगर आप लोगों को ये लगता है कि पाकिस्तान क्रिकेट में आपकी कोई इज्जत नहीं है, तो आप लोगों को हर फॉर्मेट से फौरन रिटायरमेंट ले लेनी चाहिए। हमारे सामने विराट कोहली से बड़ा एग्जाम्पल और क्या हो सकता है। आपकी इज्जत तो आपके हाथ में है।
इसके पहले ‘समा टीवी’ पर तनवीर ने कहा- ये पाकिस्तान है और यहां कुछ भी मुमकिन है। ये भी कि दुनिया का सबसे शानदार बैट्समैन आपकी टीम में ही फिट नहीं बैठता। कुछ दिन पहले तक तो बाबर टी20 में नंबर वन बैटर था। अगर वो दो मैच में फ्लॉप हो गया तो क्या आप उसे दूध से मक्खी की तरह निकालकर फेंक देंगे। पाकिस्तान की क्रिकेट अब जोकरों के हाथ में है।
तनवीर ने आगे कहा- क्या मजाक चल रहा है। अब उस फखर जमान को टीम में जगह देते हैं जो दो साल में 5 मैच भी नहीं खेला। उसको कौन लेकर आया? किसका प्रेशर था? जब क्रिकेटर की बजाए नेता टीम चुनेंगे तो फिर यही होगा।
मियांदाद और हफीज भी बोले
पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने कहा- बाबर ने टी20 क्रिकेट में 4 हजार रन बनाए हैं। क्या ये मजाक है। बिग बैश लीग में वो सबसे महंगा प्लेयर है। सच्चाई ये है कि उसकी हमारे कोच आकिब जावेद से नहीं बनती। यही वजह है कि उसे बाहर किया गया है।
पाकिस्तान में बैटिंग लीजेंड कहे जाने वाले जावेद मियांदाद ने भी इस मसले पर राय दी। कहा- ये तो हद है। जरा सोचिए बाबर आजम को उन लोगों ने टीम से बाहर किया है, जिन्होंने जिंदगी में कभी क्रिकेट ही नहीं खेली। क्रिकेट तो रेडियो की तरह है। आपको सही तरह से ट्यून करना आना चाहिए। यहां तो कुछ भी चल रहा है।
और पाकिस्तान के हेड कोच की दो टूक भी सुनिए...
बाबर के बाहर किए जाने पर पाकिस्तान के कोच माइक हेसन का बयान भी सामने आया। हेसन के मुताबिक, इस राइट हैंडर बैटर को साफ बता दिया गया है कि उनकी बैटिंग में फौरन सुधार की जरूरत है। इसके अलावा रिजवान को भी यही मैसेज दिया गया है।
लाहौर में मीडिया से बातचीत के दौरान कोच हेसन ने कहा- हम यंग ब्लड चाहते थे। आखिर आप कब तक उन प्लेयर्स को मौका देते रहेंगे, जिनसे उम्मीद की जाती है कि वो टीम को जिताएं और वो ज्यादातर मौकों पर फेल हो जाते हैं। कभी तो आगे सोचना ही होगा। हम वही कर रहे हैं।
स्ट्राइक रेट को देख लें
एक सवाल के जवाब में पाकिस्तान के कोच ने कहा- बाबर को काफी पहले ही बता दिया गया था कि उन्हें अपनी बैटिंग पर फौरन काम करने की जरूरत है। वो लगातार जल्दी आउट हो रहे हैं। वेस्ट इंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने अच्छी शुरुआत की, लेकिन फिर लापरवाही में विकेट दे बैठे। दूसरे और तीसरे वनडे में तो वो बिल्कुल भी नहीं टिक सके।
हेसन ने कहा- इसके बाद हमने फैसला किया कि अब नई टीम और नए बैटर्स को मौका दिया जाना चाहिए। हम चाहते हैं कि यंग और एक्सपीरिएंस्ड प्लेयर का कॉम्बिनेशन हो। सवाल करने वालों को इन दोनों प्लेयर्स का स्ट्राइक रेट भी देख लेना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में हेसन ने कहा- जहां तक बाबर की वापसी का सवाल है तो यह बिल्कुल आसान नहीं होगा। वो BBL के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं, वहां वो कैसा परफॉर्म करते हैं, इस पर हमारी नजर रहेगी। यहां एक बात और बताना जरूरी है कि लीग क्रिकेट और इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत फर्क होता है।

