बाबर-रिजवान एशिया कप से बाहर : खराब परफॉर्मेंस के चलते फीस में भी कटौती संभव, नहीं मिलेगा ICC रेवेन्यू का 3%
Published:
3 min read

बाबर और रिजवान दोनों ने आखिरी T20I मैच 13 दिसंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेला था। इसमें बाबर ने 31 और रिजवान ने 11 रन बनाए थे। (फाइल)
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम और वर्तमान टेस्ट और ODI कप्तान मोहम्मद रिजवान को एशिया कप 2025 की टीम से बाहर कर दिया गया है। सलमान अली आगा कप्तान होंगे। शाहीन शाह आफरीदी और हारिस रऊफ के अलावा ऑलराउंडर फहीम अशरफ को भी टीम में जगह मिली है।
एशिया कप 9 से 28 सितंबर के बीच UAE में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान 19 अगस्त को हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में पहले ही कहा जा रहा था कि खराब परफॉर्मेंस के कारण बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को एशिया कप से बाहर किया जा सकता है।
एशिया कप इस बार टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। बाबर और रिजवान के लिए एक और बुरी खबर यह भी सामने आ रही है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उनकी फीस में कटौती करने का फैसला किया है। सीनियर प्लेयर्स को इस बार ICC रेवेन्यू में 3% हिस्सा मिलना मुश्किल है।
पाकिस्तान ने इस साल 1 टेस्ट और 2 वनडे जीते
दरअसल, इस साल पाकिस्तानी टीम और सीनियर प्लेयर्स का परफॉर्मेंस बेहद खराब रहा है। पाकिस्तान ने इस साल 3 टेस्ट खेले, जिसमें से सिर्फ एक ही मैच जीता है। इस साल 11 वनडे मैच खेले, जिसमें 2 में ही जीत मिली। दोनों फॉर्मेट में टीम का बेहद खराब प्रदर्शन रहा है।
टी20 में भी पाकिस्तानी टीम खास अच्छा परफॉर्मेंस नहीं कर पाई है। उसने अब तक 14 टी20 मैच खेले, जिसमें से 7 जीते और इतने ही हारे हैं। हालिया प्रदर्शन को देखते हुए PCB अपने फैसले पर यूटर्न ले सकता है।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज,मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकिम।
ICC रेवेन्यू में 3% हिस्सा मिलना मुश्किल
क्रिकेट पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी खिलाड़ी को एक टेस्ट मैच के लिए करीब 12 लाख, एक वनडे के लिए 6 लाख और एक T20I मैच के लिए 4 लाख पाकिस्तानी रुपये मिलते हैं।
मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के तहत ए कैटेगरी के खिलाड़ियों को 6,57,500 पाकिस्तानी रुपये हर महीने मिलते हैं। इस कैटेगरी में सिर्फ बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ही आते हैं। यदि PCB एक्शन लेता है और ICC रेवेन्यू में 3% हिस्सा नहीं देता है, तो सबसे ज्यादा इन दोनों को ही नुकसान होगा।
बाबर-रिजवान ने इस साल नहीं खेला T20I मैच
बड़ी बात ये है कि पाकिस्तान ने इस साल (16 अगस्त तक) 14 टी20 मैच खेले, जिसमें बाबर और रिजवान दोनों नहीं थे। बाबर और रिजवान दोनों ने आखिरी T20I मैच 13 दिसंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेला था। इसमें बाबर ने 31 और रिजवान ने 11 रन बनाए थे। ऐसे में समझ सकते हैं कि यह दोनों एशिया कप से बाहर हो सकते हैं।
2 साल से इंटरनेशनल शतक नहीं लगा सके बाबर
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान बाबर 2 साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कोई इंटरनेशनल सेंचुरी नहीं लगाई। हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज के खिलाफ तीन ODI में उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 1991 के बाद पहली बार पाकिस्तान को द्विपक्षीय वनडे सीरीज में हराया था।
बाबर ने अगस्त 2023 में नेपाल के खिलाफ 151 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में कुल 72 पारियां खेलीं, लेकिन एक भी सेंचुरी नहीं बना सके। इस दौरान उनका एवरेज 31.45 रहा। उन्होंने 2193 रन बनाए। इसमे 18 फिफ्टी शामिल हैं।

