बाबर-रिजवान को पाकिस्तान टीम से बाहर क्यों किया: PCB चीफ ने कहा- मैरिट के आधार पर सिलेक्शन हुआ, इसमें मेरा 1% भी हाथ नहीं
Published:
4 min read

बाबर और रिजवान दोनों ने आखिरी T20I मैच 13 दिसंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेला था। इसमें बाबर ने 31 और रिजवान ने 11 रन बनाए थे। (फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
एशिया कप 2025 इस बार सितंबर में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक UAE में खेला जाएगा। इसके लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान हो चुका है। दो पूर्व कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया है। इसको लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चीफ मोहसिन नकवी का बयान आया है।
नकवी ने कहा कि टीम का सिलेक्शन मैरिट के आधार पर हुआ। इसमें मेरा 1% भी हाथ नहीं है। टीम सही हाथों में है। दरअसल, इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
मैरिट से हुए सिलेक्शन को ही सपोर्ट करूंगा
नकवी ने रिपोर्टर से कहा- “पहली बात तो यह है कि किसी भी खिलाड़ी को टीम में लाने या बाहर करने में मेरा 1% भी रोल नहीं है। हमारे पास एक सिलेक्शन कमेटी और एक एडवाइजरी बॉडी है। वे साथ में बैठते हैं। यह सारी प्रोसेस काफी लंबी है, जो 8-10 घंटे चल सकती है। कई बार 2-3 दिन तक भी चलती है।”
उन्होंने कहा- “यदि टीम का सिलेक्शन हुआ है तो वो सही हाथों में है। यहां सभी प्रोफेशनल्स हैं। मैंने सिर्फ एक बात कही है कि आप जो भी फैसला लें वो मैरिट के आधार पर होना चाहिए। मैं उसको ही सपोर्ट करूंगा।”
बाबर-रिजवान को स्ट्राइक रेट ठीक करना होगा
हाल ही में पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन ने कहा था कि बाबर आजम को साफ बता दिया गया है कि उनकी बैटिंग में फौरन सुधार की जरूरत है। इसके अलावा रिजवान को भी करीब-करीब यही मैसेज दिया गया है। दोनों प्लेयर को टी20 में स्ट्राइक रेट ठीक करना होगा।
लाहौर में मीडिया से बातचीत के दौरान कोच हेसन ने कहा- हम यंग ब्लड चाहते थे। आखिर आप कब तक उन प्लेयर्स को मौका देते रहेंगे, जिनसे उम्मीद की जाती है कि वो टीम को जिताएं और वो ज्यादातर मौकों पर फेल हो जाते हैं। कभी तो आगे सोचना ही होगा। हम वही कर रहे हैं।
T20I फॉर्मेट से बाहर ही रहे हैं बाबर-रिजवान
बड़ी बात ये है कि पाकिस्तान ने इस साल (16 अगस्त तक) 14 टी20 मैच खेले, जिसमें बाबर और रिजवान दोनों नहीं थे। बाबर और रिजवान दोनों ने आखिरी T20I मैच 13 दिसंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेला था। इसमें बाबर ने 31 और रिजवान ने 11 रन बनाए थे। ऐसे में समझ सकते हैं कि यह दोनों एशिया कप से बाहर हो सकते हैं।
बाबर की आखिरी सेंचुरी नेपाल के खिलाफ थी
बाबर 2 साल से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कोई इंटरनेशनल सेंचुरी नहीं लगाई। हाल ही में वेस्टइंडीज सीरीज के खिलाफ तीन ODI में उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने 1991 के बाद पहली बार पाकिस्तान को द्विपक्षीय वनडे सीरीज में हराया था।
बाबर ने अगस्त 2023 में नेपाल के खिलाफ 151 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में कुल 72 पारियां खेलीं, लेकिन एक भी सेंचुरी नहीं बना सके। इस दौरान उनका एवरेज 31.45 रहा। उन्होंने 2193 रन बनाए। इसमे 18 फिफ्टी शामिल हैं।
भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी
एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज,मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकीम।

