बाबर-रिजवान को सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में नुकसान: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कैटेगरी-A से हटाया; उस्मान समेत 8 प्लेयर कॉन्ट्रेक्ट से बाहर
Published:
2 min read

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान एशिया कप 2025 में नहीं खेलेंगे। उन्हें पाकिस्तान टीम में जगह नहीं मिली। (फाइल)
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2025-26 के लिए नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी कर दिया है। इसमें पीसीबी ने बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को कैटेगरी-A से हटा दिया है। अब इन दोनों को कैटेगरी-B में रखा गया है। PCB ने इस बार कॉन्ट्रैक्ट में कुल 30 प्लेयर्स को रखा है। पिछली बार 27 खिलाड़ी थे।
साथ ही पाकिस्तानी बोर्ड ने कैटेगरी-A को भी इस बार हटा दिया है। पिछली बार इस कैटेगरी में दो ही प्लेयर शामिल थे। यह बाबर और रिजवान ही थे। दोनों के हटने के बाद इस कैटेगरी-A में कोई प्लेयर नहीं बचा। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान एशिया कप 2025 में नहीं खेलेंगे। उन्हें पाकिस्तान टीम में जगह नहीं मिली।
कॉन्ट्रैक्ट से 8 खिलाड़ियों को बाहर किया
नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 तक लागू रहेगा। कैटेगरी B, C और D में 10-10 खिलाड़ियों को रखा गया है। पिछले कॉन्ट्रैक्ट से 8 खिलाड़ियों को बाहर किया गया। जबकि 11 नए शामिल भी हुए हैं।
कैटेगरी B में भी शाहीन शाह अफरीदी को छोड़कर सभी खिलाड़ियों को हटा दिया गया है। बाबर-रिजवान समेत 9 प्लेयर इस कैटेगरी में नए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ सालों से बेहद खराब रहा है। इस कारण PCB ने यह फैसला लिया।
5 खिलाड़ियों को प्रमोट किया गया
परफॉर्मेंस को ध्यान में रखते हुए 5 खिलाड़ियों को प्रमोट किया गया है। अबरार अहमद, हारिस रउफ, सैम अयूब, सलमान अली और शादाब खान को कैटेगरी B में जगह मिली है।
8 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट से बाहर किया गया है। यह प्लेयर आमिर जमाल, हसीबुल्लाह, कामरान गुलाम, मीर हमजा, मोहम्मद अली, मोहम्मद हुजैरा, मोहम्मद इरफान खान और उस्मान खान हैं। यह सभी कैटेगरी D में थे।
PCB सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025-26 की तीनों कैटेगरी
कैटेगरी B: बाबर आजम, अबरार अहमद, फखर जमां, हारिस रउफ, हसन अली, मोहम्मद रिजवान, सैम अयूब, सलमान अली आगा, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी।
कैटेगरी C: अब्दुल्लाह शफीक, फहीम अशरफ, हसन नवाज, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नौमान अली, साहिबजादा फरहान, साजिद खान और सऊद शकील।
कैटेगरी D: अहमद दानियाल, हुसैन तलत, खुर्रम शहजाद, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, शान मसूद और सूफयान मोकिम।

