बाबर आजम को मिली सजा: आउट होने के बाद स्टम्प पर बैट मारा था, अब ICC ने मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया
Published: Updated:
2 min read

बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दूसरे वनडे में शतक भी लगाया था। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पूर्व कप्तान बाबर आजम को उनके खेल के मैदान पर आक्रामकता दिखाने के चक्कर में सजा भुगतनी पड़ रही है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही बाबर को एक डीमेरिट पॉइंट भी मिला है। पिछले 24 महीने में यह उनका एक डीमेरिट पॉइंट है।
यदि किसी प्लेयर के 24 महीने में 4 डीमेरिट पॉइंट होते हैं तो वे सस्पेंशन पॉइंट्स में बदल जाते हैं। तब उस प्लेयर्स पर कुछ मैचों का बैन भी लग सकता है। हाल ही में पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ पर 4 डीमेरिट पॉइंट्स होने के चलते 2 मैच का बैन लगा था।
आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया
बाबर आजम को यह सजा श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के तीसरे यानी आखिरी वनडे में आक्रामक रवैया दिखाने के चलते मिली है। बाबर ने इस मैच में 34 रन बनाए थे। पारी का 21वां ओवर लेग स्पिनर जेफ्री वेंडरसे ने किया था। उनकी बॉल पर बाबर क्लीन बोल्ड हुए थे। इसके बाद बाबर ने स्टम्प पर बैट मारा था।
बाबर को ICC के आर्टिकल 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम इंटरनेशनल मैच के दौरान प्लेयर्स, सपोर्ट स्टाफ या बाकियों को क्रिकेट के सामान, कपड़े, मैदानी सामान, ग्राउंड आदि के दुरुपयोग से जुड़ा है।
बाबर ने अपनी गलती मानी
फील्ड अंपायर एलेक्स व्हार्फ और राशिद रियाज, थर्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर फैसल अफरीदी ने इस मामले में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। बाबर ने अपनी गलती भी मान ली थी। ऐसे में सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के अली नकवी ने यह सजा सुनाई।
दूसरे वनडे में बाबर ने सेंचुरी लगाई थी
बाबर ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दूसरे वनडे में शतक भी लगाया था। बाबर ने तीनों वनडे में 29, नाबाद 102 और 34 रन की पारी खेली थी। फिलहाल, पाकिस्तान टीम अपने घर में जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज खेल रही है। टी20 फॉर्मेट में हो रही इस सीरीज में बाबर भी खेल रहे हैं।

