बाबर आजम की पाकिस्तान टीम में वापसी : बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेल सकते हैं, घुटने में दर्द की वजह से पहला मैच नहीं खेले थे
Published:
2 min read

बांग्लादेश टीम ने अगस्त 2024 में पाकिस्तान का दौरा किया था। तब 2 टेस्ट की सीरीज में पाकिस्तान को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली हार के बाद राहत मिल सकती है। बाबर आजम दूसरे टेस्ट में वापसी के करीब हैं। घुटने की चोट के कारण बाबर पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे, जिसमें पाकिस्तान को 104 रन से हार मिली।
18 मई से दूसरा टेस्ट
18 मई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले बाबर ने ढाका में नेट्स पर बल्लेबाजी शुरू कर दी है। टीम के फिजियो और ट्रेनर की निगरानी में उन्होंने अभ्यास किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक. बल्लेबाजी के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। हालांकि पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने अभी उनकी उपलब्धता पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
पहले टेस्ट से ठीक एक दिन पहले बाबर ने घुटने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। उनकी गैरमौजूदगी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई थी। दूसरी पारी में टीम सिर्फ 163 रन पर ऑलआउट हो गई और 267 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

क्रिकेट जगत में बाबर के अचानक बाहर होने पर सवाल भी उठे थे, क्योंकि उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में शानदार प्रदर्शन किया था। बाबर ने दो शतक लगाए थे और पेशावर जाल्मी को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।बाबर पाकिस्तान के मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 346 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और तीनों फॉर्मेट मिलाकर 32 शतक लगाए हैं।

