बाबर फिर बने पाकिस्तानी टेस्ट टीम के कप्तान: शान मसूद को हटाया; वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के लिए स्क्वॉड का ऐलान
Published: Updated:
2 min read

बाबर आजम ने अब तक तीनों फॉर्मेट मिलाकर 148 मैच में पाकिस्तान टीम की कप्तानी की है। इसमें से 84 जीते और 50 हारे हैं। 2 टाई, 4 ड्रॉ और 8 बेनतीजा रहे। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इसमें एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है। जबकि खराब प्रदर्शन के चलते शान मसूद से कप्तानी छीन ली गई है।
इसी महीने वेस्टइंडीज दौरा
पाकिस्तान टीम को इसी महीने के तीसरे हफ्ते में वेस्टइंडीज दौरे पर जाना है। यहां दोनों टीम के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 25 जुलाई से खेला जाएगा।
इसके बाद अगस्त में पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। यहां दोनों टीम के बीच तीन टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच 19 अगस्त से लीड्स में खेला जाएगा। दूसरा 27 अगस्त और तीसरा 9 सितंबर से होगा।
मसूद की कप्तानी में 16 में से 12 टेस्ट हारे
मसूद को करीब तीन साल पहले टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। तब से उनकी कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने 16 टेस्ट खेले, जिसमें से 12 हारे हैं। इस खराब प्रदर्शन के बाद मसूद को हटा दिया गया। हालांकि मसूद ने PCB से थोड़ा और टाइम मांगा था, लेकिन उन्हें नहीं दिया गया।

हाल ही में बांग्लादेश टीम ने अपने ही घर में पाकिस्तान को दो टेस्ट की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। उससे पहले पाकिस्तान को उसी के घर में 2-0 से टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया था।
4 अनकैप्ड प्लेयर भी टीम में
वेस्टइंडीज दौरे के लिए पाकिस्तान की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान हुआ है। इंग्लैंड दौरे के लिए 17वें प्लेयर के तौर पर सऊद शकील को भी शामिल किया गया है, लेकिन उन्हें फिटनेस साबित करनी होगी।
टीम में अनकैप्ड प्लेयर लेफ्ट आर्म स्पिनर अली उस्मान, बैटर मोहम्मद अवैस जफर, पेसर उबैद शाह और विकेटकीपर मोहम्मद गाजी गौरी को भी जगह मिली है।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेट कीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद और उबैद शाह।
*सऊद शकील को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल गया, लेकिन उन्हें फिटनेस साबित करनी होगी।

