7 साल बाद घरेलू क्रिकेट में लौटेंगे बाबर आजम: WTC में PAK की हालत खराब, इंग्लैंड से 3-0 की हार के बाद फैसला
Published:
4 min read

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) की ओर से खेलेंगे।(फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क.पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम करीब सात साल बाद घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 3-0 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद बाबर की बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों सवालों के घेरे में हैं। अब वह OGDCL (ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड) के लिए जारी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-I में खेलते नजर आ सकते हैं। बाबर 16 सितंबर को ब्रिटेन से पाकिस्तान लौटेंगे और अगले दिन OGDCL की टीम से जुड़ेंगे।
2019 के बाद पहली बार घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलेंगे बाबर
बाबर आजम ने आखिरी बार 2019 में पाकिस्तान के घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हिस्सा लिया था। तब उन्होंने सेंट्रल पंजाब की कप्तानी करते हुए कायदे-आजम ट्रॉफी का खिताब जीता था। 30 दिसंबर 2019 को खेले गए फाइनल में सेंट्रल पंजाब ने नॉर्दर्न को पारी और 16 रन से हराया था। अब लगभग सात साल बाद बाबर फिर से घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं।

OGDCL टीम से जुड़ेंगे बाबर आजम, 18 या 24 सितंबर को खेल सकते हैं मैच
द डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक- पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बाबर को OGDCL की टीम में गेस्ट प्लेयर के तौर पर शामिल करने की पेशकश की है। OGDCL की स्पोर्ट्स हेड फराह बतूल ने बताया कि बाबर 16 सितंबर को यूके से पाकिस्तान लौटेंगे और 17 सितंबर को टीम के साथ जुड़ जाएंगे। टीम ने उनके लिए किट भी ऑर्डर कर दी है। हालांकि, बाबर तुरंत मैदान पर उतरेंगे या नहीं, यह उनकी वापसी के बाद तय होगा।
OGDCL इस समय इस्लामाबाद में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी के अपने पहले मैच में पाकिस्तान टेलीविजन के खिलाफ खेल रही है। इसके बाद टीम का मुकाबला 18 सितंबर से पेशावर में किंग्समेन एकेडमी से होगा, जबकि 24 सितंबर से खान रिसर्च लेबोरेटरीज (KRL) के खिलाफ मैच खेलना है। फराह बतूल के मुताबिक, बाबर अपनी स्थिति देखकर दूसरे या तीसरे मैच से टूर्नामेंट में उतरने का फैसला करेंगे।

टेस्ट क्रिकेट में बाबर की बल्लेबाजी पर लगातार उठ रहे सवाल
बाबर आजम की टेस्ट बल्लेबाजी पिछले कुछ साल से चर्चा का विषय बनी हुई है। 2023, 2024 और 2025 में टेस्ट क्रिकेट में उनका ऐवरेज 22, 20 और 31 रहा। वह पिछले चार साल से टेस्ट क्रिकेट में शतक भी नहीं लगा पाए हैं। ऐसे में घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनकी वापसी को फॉर्म सुधारने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
हालांकि, वेस्टइंडीज दौरे पर बाबर ने कुछ उम्मीद जरूर जगाई थी। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने 196 रन बनाए और बल्लेबाजी में सबसे आगे रहने के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनका प्रदर्शन फिर फीका रहा।
इंग्लैंड के खिलाफ चार पारी में सिर्फ 97 रन
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में बाबर चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। इसके बाद अगले दो टेस्ट में उन्होंने चार पारियों में 8, 6, 7 और 76 रन बनाए। पाकिस्तान को इस सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा।

टेस्ट कप्तान के तौर पर दूसरी पारी भी आसान नहीं
बाबर को जुलाई में दोबारा पाकिस्तान का टेस्ट कप्तान बनाया गया था। कप्तान के तौर पर उनकी दूसरी पारी की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से हुई, जो 1-1 से ड्रॉ रही। इसके बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीनों टेस्ट में हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।
ऐसे समय में बाबर का घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लौटना उनके लिए काफी अहम हो सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट के दबाव से दूर उन्हें लंबे फॉर्मेट में ज्यादा समय बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा। प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन बाबर को अपनी पुरानी लय हासिल करने में मदद कर सकता है।

घरेलू क्रिकेट शाहीन और सलमान भी खेल रहे
बाबर की वापसी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की उस कोशिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें बड़े पाकिस्तानी खिलाड़ियों को घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ज्यादा खेलने के लिए तैयार किया जा रहा है। पाकिस्तान के सफेद गेंद वाले कप्तान भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी KRL के लिए खेल रहे हैं, जबकि टी20 कप्तान सलमान अली आगा किंग्समेन एकेडमी की टीम में शामिल हैं।

