रोहित-विराट का फील्ड पर होना गिल के लिए फायदेमंद: अक्षर पटेल बोले- गिल को इन दोनों से कप्तानी का हुनर सीखने मिलेगा
Published:
2 min read

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों की सीरीज के लिए रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क: स्पिनर अक्षर पटेल ने कहा कि टीम इंडिया के नए-नवेले कप्तान शुभमन गिल काफी लकी हैं कि उन्हें सलाह देने के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे प्लेयर्स मौजूद हैं। अक्षर का मानना है कि इन दोनों के एक्सपीरियंस का फायदा उठाकर गिल एक बेहतरीन कप्तान बन सकते हैं। बता दें, शुभमन गिल अब टीम इंडिया के टेस्ट और ODI फॉर्मेट के कप्तान बन चुके हैं। उन्हें रोहित की जगह 50 ओवर फॉर्मेट का नया कप्तान नियुक्त किया गया है।
रोहित और विराट से गिल को सीखने को मिलेगा
अक्षर इस वक्त टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया में हैं। उन्होंने प्रैक्टिस के बाद एक इंटरव्यू में कहा- रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम में हैं तो गिल को बतौर कप्तान सीखने और आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। गिल के लिए यह एकदम परफेक्ट है कि रोहित और विराट भाई टीम में हैं। दोनों कप्तान रह चुके हैं, तो वो अपनी सलाह दे सकते हैं। इससे गिल की कप्तानी में ग्रोथ अच्छी होगी।

नेट्स में शानदार दिखे
रोहित और विराट 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौट रहे हैं, लेकिन इससे उनकी फिटनेस पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। अक्षर ने कहा कि दोनों खिलाड़ी नेट्स में शानदार दिख रहे हैं और फिटनेस भी जबरदस्त है। उन्होंने कहा- दोनों खिलाड़ी प्रोफेशनल हैं, उन्हें पता है कि क्या करना है।

ऑस्ट्रेलिया में खेलना नई बात नहीं
अक्षर ने यह भी कहा कि अब भारतीय खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया की पिच और कंडीशन में खेलना कोई नई बात नहीं रह गई है। अब इंडियन टीम पिच की बजाय स्ट्रैटजी और स्कोर बनाने की प्लानिंग पर ज्यादा ध्यान देती है। उन्होंने कहा- पहले बात होती थी उछाल और पिच की, लेकिन अब हम सोचते हैं कि रन कहां से बना सकते हैं।
रवींद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल हुए अक्षर ने कहा कि वो इस सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें भरोसा वो बैट और बॉल से कमाल करेंगे।

