ऑस्ट्रेलिया का एशेज सीरीज पर कब्जा: एडिलेड में इंग्लैंड को 82 रन से हराया; नाथन लायन चोटिल, अस्पताल में भर्ती
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम इस समय अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की एशेज सीरीज खेल रही है। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती 3 मैच जीतकर 3-0 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। तीसरा मैच 17 दिसंबर से एडिलेड में खेला गया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 82 रन से जीत लिया। इसी मैच में स्पिनर नाथन लायन को चोट लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बैटर एलेक्स कैरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने दोनों पारियों में 106 और 72 रन बनाए। साथ ही 2 कैच भी लिए।
एशेज सीरीज का चौथा मुकाबला 26 दिसंबर से खेला जाएगा। यह बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा, जो मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होना है। क्रिसमस के ठीक अगले दिन से शुरू होने वाले टेस्ट को बॉक्सिंग डे मैच कहा जाता है।
कैरी और हेड ने लगाई सेंचुरी
एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 371 रन बनाए थे। एलेक्स कैरी ने 106 रनों की पारी खेली थी। जोफ्रा आर्चर ने 5 विकेट लिए। जवाब इंग्लैंड की टीम 286 पर ही सिमट गई।
कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 83 रनों की पारी खेली। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 85 रन की बढ़त मिली। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्कॉट बॉलैंड और पैट कमिंस ने 3-3 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ने 435 का टारगेट दिया था
फिर दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 349 रन बनाए। पहली पारी की बढ़त मिलाकर इंग्लैंड के सामने 435 रन का टारगेट सेट किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में ओपनर ट्रेविस हेड ने 170 रनों की पारी खेली। जबकि एलेक्स कैरी ने 72 रन बनाए। जोश टंग ने 4 और ब्रायडन कार्स ने 3 विकेट लिए।
जवाब में इंग्लैंड की टीम 352 के स्कोर पर ही सिमट गई और मुकाबला 82 रनों से गंवा दिया। इंग्लिश टीम के लिए जैक क्राउली ने 85 और जैमी स्मिथ ने 60 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और नाथन लायन ने 3-3 विकेट लिए।
नाथन लायन को लगी चोट
38 साल के ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लायन 5वें दिन सुबह फील्डिंग करते समय चोटिल हुए थे। उन्होंने फाइन लेग पर बॉल पकड़ने के लिए डाइव लगाई थी। पैर में चोट के बाद नाथन लंगड़ाते हुए चेंजिंग रूम की ओर चले गए।
नाथन लायन को स्कैन और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एडिलेड टेस्ट के पांचवें दिन लंच ब्रेक से पहले नाथन को बैसाखियों के सहारे बाहर जाते देखा गया।

