ऑस्ट्रेलिया एशेज सीरीज में 2-0 से आगे: दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को हराया, स्टार्क का ऑलराउंड परफॉर्मेंस
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने घर में खेली जा रही एशेज सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन में खेला गया। मैच में चौथे दिन इंग्लैंड को 8 विकेट से शिकस्त दी। यह पिंक बॉल टेस्ट था, जिसमें तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने ऑलराउंड परफॉर्म किया। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
स्टार्क ने पहली पारी में 75 रन देकर 6 विकेट लिए थे। इसके बाद बैटिंग में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली थी। फिर दूसरी पारी में स्टार्क ने 64 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए।
इंग्लैंड के लिए करो या मरो
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट 17 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। इंग्लैंड को सीरीज जीतने के लिए बाकी बचे तीनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। जबकि ऑस्ट्रेलिया को सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए एक टेस्ट जीतना होगा या दो टेस्ट ड्रॉ कराने होंगे।
चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने जीता पिंक बॉल टेस्ट
इस पिंक बॉल टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 334 रन बनाए थे। जो रूट ने 138 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। जबकि मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट अपने नाम किए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 511 रन बनाए और 177 रन की लीड बनाई।
दूसरी पारी में इंग्लैंड के बैजबॉल का दम निकलता दिखा। पूरी टीम 241 रन ही बना सकी और लीड उतारकर 65 रन का टारगेट सेट किया। अकेले बेन स्टोक्स ही फिफ्टी लगा सके। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन 2 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया।

