AUS Vs ENG पर्थ टेस्ट: एशेज में 116 साल बाद मैच के पहले दिन 19 विकेट गिरे, स्टार्क ने 7 विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड
Published:
3 min read

पर्थ टेस्ट की पहली पारी में अब भी इंग्लैंड टीम ने 49 रन की बढ़त बना रखी है।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का आगाज हो गया है। पहला टेस्ट शुक्रवार (21 नवंबर) से पर्थ स्टेडियम में खेला जा रहा है। एशेज में 116 साल बाद ऐसा हुआ है, जब मैच के पहले दिन 19 विकेट गिरे। इंग्लैंड टीम 172 के स्कोर पर ऑलआउट हुई। इसके बाद पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट पर 123 रन बनाए।
नाथन लायन (3) और ब्रेंडन डोगेट (0) नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क ने 7 विकेट लेकर कई रिकॉर्ड बनाए। पहली पारी में अब भी इंग्लैंड ने 49 रन की बढ़त बना रखी है। दूसरे दिन लायन और डोगेट ही खेल की शुरुआत करेंगे।
पहली बार 0 पर दोनों ओपनिंग जोड़ी टूटी
मैच के पहले दिन एक और अनचाहा रिकॉर्ड बना। एशेज में पहली बार हुआ है, जब टेस्ट की पहली दोनों पारियों में ओपनिंग जोड़ी जीरो पर ही टूट गई। यानी इस बार ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों का पहली पारी में पहला विकेट जीरो रन पर ही गिर गया था।
एशेज सीरीज में 116 साल बाद ऐसा हुआ है, जब किसी टेस्ट के पहले ही दिन 19 या उससे ज्यादा विकेट गिरे हैं। इससे पहले 1909 में हुए एक मैच में ऐसा हुआ था। एशेज सीरीज का यह मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला गया था, जो ड्रॉ रहा था।
स्टार्क ने 7 विकेट लेकर बनाए रिकॉर्ड
इस टेस्ट की पहली पारी में स्टार्क ने 58 रन देकर 7 विकेट लिए। टेस्ट करियर में यह उनका बेस्ट परफॉर्मेंस है। इसके अलावा पर्थ में किसी बॉलर का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन है। स्टार्क 21वीं सदी में घरेलू एशेज टेस्ट की एक पारी में 7 विकेट लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियन भी बन गए हैं।
पहले दिन सिर्फ ब्रूक ही फिफ्टी लगा सके
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की टीम 172 रन ही बना सकी। हैरी ब्रूक ने 52, ओली पोप ने 46 और जैमी स्मिथ ने 33 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क ने 7, डोगेट ने 2 और कैमरन ग्रीन ने 1 विकेट लिया।
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने 26, कैमरन ग्रीन ने 24 और ट्रेविस हेड ने 21 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने 5 विकेट लिए। 2-2 सफलता जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स को मिली।
मैच में दोनों टीमों की प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलियाई टीम: उस्मान ख्वाजा, जैक वेदराल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, ब्रेंडन डोगेट और स्कॉट बोलैंड।
इंग्लैंड की टीम: बेन डकेट, जैक क्राउली, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड।

