बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरे: ऑस्ट्रेलिया 152, इंग्लैंड 110 पर सिमटी; जोश टंग ने बनाया रिकॉर्ड
Published:
3 min read

जोश टंग इस सदी में एशेज के मेलबर्न टेस्ट की एक पारी में 5 विकेट लेने वाले पहले इंग्लिश बॉलर बने। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जा रहा है। पहले ही दिन शुक्रवार (26 दिसंबर) इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीम की ओर से अच्छी बॉलिंग देखने को मिली। पहले दिन सिर्फ 75 ओवर का खेल हुआ, जिसमें 20 विकेट गिरे। सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 152 रन पर ढेर हुई। जवाब में इंग्लैंड की टीम भी 110 रन पर सिमट गई।
इंग्लैेंड के पेसर जोश टंग ने एक रिकॉर्ड कायम किया। वे 21वीं सदी में एशेज के मेलबर्न टेस्ट की एक पारी में पांच विकेट लेने वाले पहले इंग्लिश बॉलर बन गए हैं। यह उपलब्धि आखिरी बार 1998 में MCG में डैरेन गॉफ और डीन हेडली ने हासिल की थी। पहली पारी में दोनों ओर से में कोई भी बल्लेबाज हाफ सेंचुरी नहीं बना पाया। मैच में दूसरे दिन का खेल शनिवार को भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजे से शुरू होगा।
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने चुनी गेंदबाजी
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलियाई बैटर शुरुआत से ही दबाव में दिखें। ऑस्ट्रेलिया के 6 विकेट 91 रन पर गिर गए थे। टीम ने गिरते-पड़ते 152 का स्कोर बनाया। माइकल नेसर ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा ने 29 और एलेक्स कैरी ने 20 रन बनाए। पांच बैटर डबल डिजिट तक भी नहीं पहुंच सके।
जोश टंग ''फाइफर'' लेने वाले पहले इंग्लिश बॉलर
इंग्लैंड की गेंदबाजी में जोश टंग सबसे आगे रहे। उन्होंने 5 विकेट लिए। गस एटकिंसन को 2 विकेट मिले। ब्रायडन कार्स और कप्तान बेन स्टोक्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। टंग की गेंद पर स्टीव स्मिथ क्लीन बोल्ड हुए। गेंद सीधी मिडिल स्टंप पर लगी। स्मिथ 31 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए। वे पवेलियन लौटते समय काफी हैरान दिखे।
जवाब में इंग्लैंड की टीम भी ऑस्ट्रेलियाई बॉलिंग अटैक का सामना नहीं कर सकी। पूरी टीम 110 रन पर ऑलआउट हो गई। पहले दिन दोनों टीमों में से कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल पाया।
एशेज सीरीज ऑस्ट्रेलिया के नाम
ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज पहले ही जीत ली है। टीम ने पहले तीन टेस्ट जीतकर 3-0 की बढ़त बना ली है। कप्तान पैट कमिंस चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं। स्टीव स्मिथ अभी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। स्पिनर नाथन लियोन भी चोट की वजह से बाहर हैं। हाल ही में उनकी सर्जरी हुई है।
क्या होता है बॉक्सिंग डे टेस्ट
बॉक्सिंग डे 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जैसे देशों में छुट्टी का दिन रहता है। इस नाम की शुरुआत 17वीं सदी के ब्रिटेन से मानी जाती है। उस समय अमीर लोग क्रिसमस के अगले दिन गरीबों और जरूरतमंदों को पैसे, खाना या सामान से भरे “क्रिसमस बॉक्स” दिया करते थे।
इसी वजह से इस दिन को बॉक्सिंग डे कहा जाने लगा। समय के साथ यह दिन छुट्टी और फंक्शन के लिए मशहूर हो गया। ऑस्ट्रेलिया में इसी छुट्टी का फायदा उठाकर बड़े बड़े खेल इवेंट की शुरुआत हुई जिसमें बॉक्सिंग डे टेस्ट सबसे जरुरी दिन बन गया।

