लक्ष्मण होंगे एशियन गेम्स में टीम इंडिया के कोच: गंभीर वेस्टइंडीज दौरे पर जाएंगे, भारत की दो अलग टीमें एक साथ दो टूर्नामेंट खेलेंगी
Published: Updated:
3 min read

भारत एशियन गेम्स 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा। 2023 में हांगझोऊ में इंडियन मेन्स टीम ने गोल्ड मेडल जीता था।
स्पोर्ट्स डेस्क. सितंबर में भारतीय क्रिकेट टीम एक साथ दो अलग-अलग टूर्नामेंट खेलने वाली है। इसके लिए दो टीमें बनेंगी। इसमें 2 अलग कप्तान और अलग कोच भी होंगे। एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जबकि हेड कोच की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण को दी गई है। दूसरी ओर रेग्युलर हेड कोच गौतम गंभीर वेस्टइंडीज दौरे पर जाएंगे।
गुरुवार को खेल मंत्रालय (Ministry of Youth Affairs and Sports) की ओर से मंजूर किए गए कोच और सपोर्ट स्टाफ की लिस्ट में लक्ष्मण का नाम शामिल है। दरअसल, एशियन गेम्स में भारतीय दल (सभी खेलों के लिए टीम और एथलीट्स) खेल मंत्रालय की मंजूरी से जाता है। यही वजह है कि BCCI की बजाय हेड कोच की नियुक्ति मंत्रालय ने की है।
गंभीर क्यों नहीं जाएंगे जापान?
भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 3 ODI की सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी। ऐसे में गौतम गंभीर इस सीरीज की तैयारी और टीम के साथ जुड़े रहेंगे। दूसरी तरफ, एशियन गेम्स में मेन्स क्रिकेट का टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेला जाएगा। दोनों जिम्मेदारियां एक ही समय पर होने की वजह से टीम इंडिया के साथ जापान जाने के लिए VVS लक्ष्मण को चुना गया है।
लक्ष्मण के लिए एशियन गेम्स नया नहीं
VVS लक्ष्मण पहले भी एशियन गेम्स में टीम इंडिया को कोचिंग दे चुके हैं। 2023 में हांगझोऊ में हुए एशियन गेम्स में भी लक्ष्मण ने भारतीय टीम की कमान संभाली थी और टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा लक्ष्मण कई मौकों पर भारतीय टीम के अंतरिम हेड कोच भी रह चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज में कोच के रूप में काम कर चुके हैं।

श्रेयस अय्यर कप्तान
एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। तिलक वर्मा टीम के उपकप्तान होंगे। टीम में यंग बैटर वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह भी टीम का हिस्सा होंगे। लक्ष्मण के साथ भारतीय कोचिंग स्टाफ में पूर्व क्रिकेटर सुनील जोशी, ऋषिकेश कानिटकर और सुभदीप घोष भी शामिल होंगे। मारूफ फजंदर को टीम लीडर बनाया गया है।
भारत एशियन गेम्स 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा। 2023 में हांगझोऊ में इंडियन मेन्स टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। एशियन गेम्स में क्रिकेट की यह चौथी एंट्री होगी। भारत ने क्रिकेट को शामिल किए जाने वाले शुरुआती 2 एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

क्वार्टर फाइनल में कौन सी टीमें
एशियन गेम्स के मेन्स क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीडेड टीम रखा गया है। ये चारों टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगी। बाकी 6 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप A में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं, जबकि ग्रुप B में हॉन्ग कॉन्ग (चीन) , मलेशिया और ओमान को रखा गया है।
Asian Games के लिए भारतीय स्क्वॉड
मेन्स टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।

