क्रिकेटर्स को स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा: IOA बोला- BCCI चाहे तो अलग होटल ले, लेकिन खर्च और अरेंजमेंट खुद संभाले
Published:
3 min read

एशियन गेम्स 2026 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। क्रिकेट इवेंट (मेन्स-वुमन्स) 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने हैं। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) ने साफ कर दिया है कि क्रिकेट टीम को बाकी प्लेयर्स से अलग कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा। अब BCCI को ही तय करना होगा कि वह एशियन गेम्स के ऑफिशियल होटल में टीम को रखेगा या अलग अरेंजमेंट करेगा।
IOA का कहना है कि 36 खेलों में शामिल सभी प्लेयर्स और टीमों के साथ एक जैसा व्यवहार किया जाएगा। अगर BCCI को ऑफिशियल होटल की सुविधाएं सही नहीं लगती हैं, तो वह अपना होटल, खाना और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था कर सकता है। ऐसी सिचुएशन में प्लेयर्स को समय पर वेन्यू तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी भी BCCI की होगी।
IOA ने BCCI को ऑप्शन दिया
IOA के CEO रघुराम अय्यर ने कहा है कि BCCI अपनी जरूरत के हिसाब से अलग होटल की व्यवस्था कर सकता है। इसके लिए बोर्ड ने IOA से बातचीत भी की है। BCCI CEO हेमंग अमीन ने IOA से इस मुद्दे पर बात की है। BCCI अब एक एडवांस टीम जापान भेजकर वहां होटल और दूसरी सुविधाओं का जायजा लेने पर विचार कर रहा है। इसके बाद बोर्ड तय करेगा कि ऑफिशियल गेम्स होटल में रहना है या अपना अलग अरेंजमेंट करना है।

क्रिकेट टीम को मिलेंगे 3 और 4 स्टार होटल
एशियन गेम्स के आयोजकों ने इंडियन मेंन्स टीम के लिए APA होटल नागोया एकिमाए और वुमन टीम के लिए मीटेत्सु ग्रैंड होटल तय किया है। मेंन्स टीम के लिए 3 स्टार और महिला टीम के लिए 4 स्टार होटल दिया गया है।
दोनों टीमों के लिए ट्विन-शेयरिंग की व्यवस्था होगी। रिपोर्ट के मुताबिक BCCI को इन होटल्स की सुविधाओं, कमरे के साइज और लॉजिस्टिक्स को लेकर कुछ चिंताएं हैं। इंडियन क्रिकेटर्स आमतौर पर बड़े टूर्नामेंट्स में 5 स्टार होटल में रुकते हैं, इसलिए BCCI अलग अरेंजमेंट पर भी विचार कर रहा है।
अलग होटल लिया तो BCCI की बढ़ेगी जिम्मेदारी
अगर BCCI अपनी टीम के लिए अलग होटल चुनता है, तो सिर्फ रहने की व्यवस्था करना ही काफी नहीं होगा। प्लेयर्स के लिए खाना, ट्रांसपोर्ट और मैच वेन्यू तक समय पर पहुंचने की जिम्मेदारी भी बोर्ड की होगी। इसके अलावा अलग होटल में रहने का असर एंटी-डोपिंग प्रोसेस पर भी पड़ सकता है। इस वजह से BCCI को अपना फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं पर ध्यान देना होगा।
भारत है डिफेंडिंग चैंपियन
एशियन गेम्स में भारत दोनों कैटेगरी में डिफेंडिंग चैंपियन है। मेन्स और वुमन दोनों टीमों ने हांगझोउ 2022 में गोल्ड मेडल जीता था। इस बार वुमन क्रिकेट टूर्नामेंट 17 सितंबर से शुरू होगा, जबकि मेन्स का टूर्नामेंट एक हफ्ते बाद शुरू होगा।

