एशियन गेम्स की टीम से सूर्या-गिल बाहर: वैभव का नाम लिस्ट में, कप्तानी के लिए श्रेयस के साथ तिलक-संजू दावेदार; देखिए इंडियन टी20 स्क्वॉड
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट भी शामिल किया गया है। टूर्नामेंट सितंबर-अक्टूबर में जापान की मेजबानी में खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान भी जल्द होने वाला है। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि BCCI ने एशियन गेम्स के लिए 30 सदस्यीय संभावित स्क्वॉड इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOC) को भेज दिया है।
स्क्वॉड में वैभव भी शामिल
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस 30 सदस्यीय टीम में सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिला, जो इस समय भारतीय टी20 टीम के कप्तान भी हैं। एक और नाम शुभमन गिल का है, जो भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं।
हालांकि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का नाम इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है। अब तक कप्तान का फैसला भी नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स की मानें तो कप्तानी के लिए श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा दावेदार हैं।
एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज एक साथ
दरअसल, भारतीय टीम को 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 की घरेलू सीरीज खेलनी है। यह सीरीज 17 अक्टूबर तक खेली जाएगी। इसी बीच एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने हैं। टूर्नामेंट में क्रिकेट इवेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा।
यही वजह है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दो टीमें बनानी होंगी। एक वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेगी, जबकि दूसरी एशियन गेम्स में हिस्सा लेगी। गिल वेस्टइंडीज सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। इसी वजह से उन्हें एशियन गेम्स के स्क्वॉड में नहीं रखा गया।
सूर्या अब शायद कप्तान ना हों
रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय बोर्ड और सिलेक्शन कमेटी सूर्या को अब टीम का कप्तान नहीं देख रहे हैं। शायद सूर्या को ओलंपिक 2028 और अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह ना मिले। इसकी बड़ी वजह सूर्या का खराब फॉर्म है। यदि फॉर्म ठीक रही तो सूर्या को बतौर प्लेयर मौका मिल सकता है।
एशियन गेम्स के लिए 30 सदस्यीय संभावित स्क्वॉड
यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बदोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर।

