आंखों ही आंखों में इशारा हो गया : सूर्या के सवाल और अभिषेक शर्मा के जवाब; शर्मा बोले- मैंने गिल को पहले ही बता दिया था, टाइट रन मत भागना
Published:
3 min read

सूर्या ने अभिषेक से उनके और शुभमन गिल के बीच बॉन्डिंग पर सवाल पूछा। इसके जवाब में अभिषेक ने कहा- हम बचपन के दोस्त हैं और अंडर 12 से साथ खेल रहे हैं। लिहाजा, एक-दूसरे के खेल और माइंडसेट को समझते हैं(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर 4 मुकाबले में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। मैन ऑफ द मैच रहे 74 रन की पारी खेलने वाली पंजाब और भारत के यंग ओपनर अभिषेक शर्मा। अभिषेक ने मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव को इंटरव्यू दिया। इसे BCCI ने अपने चैनल पर जारी किया है। इस लाइटमूड कन्वरसेशन में अभिषेक ने अपने कप्तान के सवालों के इंटरस्टिंग जवाब दिए।
फायर एंड आइस कॉम्बिनेशन
सूर्या ने अभिषेक से उनके और शुभमन गिल के बीच बॉन्डिंग पर सवाल पूछा। इसके जवाब में अभिषेक ने कहा- हम बचपन के दोस्त हैं और अंडर 12 से साथ खेल रहे हैं। लिहाजा, एक-दूसरे के खेल और माइंडसेट को समझते हैं। मुझे पता रहता है कि वो कब बड़ी हिट खेलेगा और वो जानता है कि कब मैं स्ट्राइक करूंगा।
सूर्या ने कहा- ये तो फायर एंड आइस कॉम्बिनेशन जैसा है। एक सिर्फ पॉवर हिटिंग में यकीन करता तो दूसरे के पास खूबसूरत टाइमिंग स्किल है।इस पर अभिषेक कहते हैं- इसलिए मैं कहता हूं कि हम दोनों एक दूसरे के खेल को बहुत अच्छे से समझते हैं। कई बार तो हम आंखों ही आंखों में इशारा करके बात कर लेते हैं। वो समझ जाता है कि मैं क्या करने वाला हूं और मैं समझ जाता हूं कि वो क्या करेगा। हमको अल्फाज के इस्तेमाल की जरूरत ही नहीं होती।

टाइट सिंगल नहीं लेना है
सूर्या ने अभिषेक से तंजिया अंदाज में पूछा- क्या तुम्हें सिंगल या डबल रन भागने में दिक्कत होती है? हमेशा बाउंड्रीज पर ही यकीन क्यों करते हो? इस पर अभिषेक ने हंसते हुए कहा- हां, मैं कई बार उसे पहले ही बोल देता हूं कि भाई टाइट सिंगल मत लेना। इसके बाद सूर्या ने अभिषेक से पूछा- आपके फैन्स आपको इस टूर्नामेंट में बॉलिंग करते हुए भी देखना चाहते हैं। मैंने सुना है आप अच्छे बॉलर भी हो। इस पर पंजाब के इस ओपनर ने कहा- अभी कुछ मैच बचे हैं। मुझे लगता है कि मेरे कप्तान को मेरी बॉलिंग स्किल्स पर भी यकीन होगा। इस पर कप्तान सूर्या मजे लेते हुए कहते हैं- मैं कप्तान को खोजता हूं और उससे तुम्हें बॉलिंग देने को कहूंगा।

टीम के लिए खेलो
एक सवाल के जवाब में अभिषेक ने कहा- हमारे कोच ने साफ कहा था कि सिंगल्स लेने हों या बाउंड्री लगानी हो…आपको सिर्फ टीम के बारे में सोचना है, अपने बारे में नहीं।
अभिषेक ने कहा- फैमिली को ऑडियंस स्टैंड्स में देखने का आनंद ही कुछ और था, वो भी तब जबकि मैं अच्छी इनिंग खेल रहा था। ये स्पेशल मोमेंट था। अपने सेलिब्रेशन स्टाइल पर अभिषेक ने कहा- ये फैन्स और देश के लिए है। मैं हमेशा यही करता हूं।

