हसरंगा-अबरार सेलिब्रेशन एक्सचेंज कंट्रोवर्सी: मैच के बाद दोनों प्लेयर गले मिले; हसरंगा बोले- ये सब मजाक था
Published:
3 min read

मंगलवार को पाकिस्तान ने एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। हालांकि, पाक के मैच जीतने से ज्यादा चर्चे इस मोमेंट के रहे।(फोटो सोर्स:सोशाल मिडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सुपर 4 मुकाबले चल रहे हैं। मंगलवार रात श्रीलंका और पाकिस्तान का मुकाबला हुआ। पाकिस्तान ने यह मैच जीत लिया।
इस मैच में वानिंदु हसरंगा और पाकिस्तान के अबरार अहमद का एक जैसा सेलिब्रेशन विवाद की तरह नजर आया। दोनों स्पिनर ने विकेट लेने के बाद एक-दूसरे की नकल उतारी। हालांकि मैच के बाद हसरंगा और अबरार ने गले लगकर इस एक्शन कंट्रोवर्सी को खत्म कर दिया। इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

अबरार ने शुरू किया, हसरंगा ने खत्म
पाकिस्तानी प्लेयर्स इस मैच में भी ओवर एक्साइटेड दिखे। स्पिनर अबरार अहमद ने हसरंगा का विकेट लेने के बाद उन्हें चिढ़ाया। दरअसल, विकेट लेने के बाद हसरंगा एक खास तरह का सेलिब्रेशन करते हैं। अबरार ने उन्हें चिढ़ाने के लिए उसी स्टाइल को कॉपी किया। इसके बाद, जब हसरंगा ने फखर जमान का शानदार कैच लिया और इसके बाद अबरार का स्टाइल कॉपी करके उन्हें चिढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान टीवी कैमरा लगातार अबरार पर फोकस रहा। कुछ ओवर बाद हसरंगा बॉलिंग करने आए तो पहले ही ओवर में साईम अयूब को बोल्ड कर दिया। विकेट लेने के बाद उन्होंने पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए एक बार फिर अबरार को ट्रोल कर दिया। मैच खत्म होने के बाद वानिंदु हसरंगा खुद अबरार अहमद के पास गए, दोनों ने हाथ मिलाया, गले लगे और हंसते हुए मैदान पर हुए वाकए को भूल गए। यह देखकर फैंस भी खुश हो गए और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अफरीदी की अच्छी वापसी
इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ही ओवर में कुशल मेंडिस को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद दूसरे ओवर में पथुम निशंका को भी 8 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। भारत के खिलाफ काफी महंगे साबित रहे शाहीन ने इस मैच में अच्छी गेंदबाजी करते हुए टोटल 3 विकेट लिए।उनके अलावा हुसैन तलत ने भी अच्छी बॉलिंग करते हुए 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट छटके। अबरार अहमद ने 4 ओवर में बेहतर इकोनॉमी रेट के साथ सिर्फ 8 रन खर्चे, साथ ही एक विकेट भी लिया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए।
एक वक्त श्रीलंका ने कर ली थी वापसी
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत तेज रही। साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हालांकि, फिर बैक टु बैक दोनों पवेलियन लौट गए। इसके बाद साईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा भी सस्ते में आउट हो गए। तेज शुरुआत के बाद पाकिस्तान के 57 रन पर 4 विकेट गिर गए। इसके बाद 80 के स्कोर पर 5वां झटका लगा। इसके बाद मोहम्मद नवाज और हुसैन तलत ने छठे विकेट के लिए 58 रनों की पार्टनरशिप की । खासतौर पर नवाज ने अच्छे इंटेंट के साथ बैटिंग करते हुए 24 बॉल में 38 रन की नाबाद पारी खेली। हुसैन तलत ने 30 गेंद में 32 बनाए। पाकिस्तान ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया।सुपर 4 में श्रीलंका को लगातार दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। अब उसका फाइनल में पहुंचना करीब-करीब नामुमकिन है।

