पाकिस्तान से मैच खेलने के लिए क्यों मजबूर हुई इंडिया: पूर्व खेल मंत्री बोले- ICC और ACC टूर्नामेंट में खेलना पड़ता है, नहीं तो दूसरी टीम को पॉइंट्स मिलेंगे
Published: Updated:
3 min read

2024 टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मैच भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच रविवार (14 सितंबर) को खेला जाएगा। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस मैच की लगभग हर भारतीय ने आलोचना की है। आखिर पाकिस्तान से मैच खेलने के लिए टीम इंडिया क्यों मजबूर हुई? इसको लेकर पूर्व खेल मंत्री और BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने बयान दिया है।
सांसद ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) जब भी कोई टूर्नामेंट करवाती है, तो उसमें हर एक टीम को खेलना ही पड़ता है। यह हर एक टीम की मजबूरी होती है। यदि नहीं खेलेंगे तो दूसरी टीम को पॉइंट्स मिल जाएंगे।
दुबई में होगा इंडिया-पाकिस्तान मैच
दरअसल, एशिया कप 2025 में भारतीय टीम और पाकिस्तान एक ही ग्रुप-ए में हैं। दोनों के बीच मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा संभाल रहे हैं।
पाकिस्तान आतंकवाद बंद नहीं करेगा तो मैच नहीं होगा
मैच से एक दिन पहले अनुराग ठाकुर ने ANI से कहा- मैं इतना ही कहूंगा, मल्टीनेशन टूर्नामेंट, जहां पर ICC या ACC करवाती है। वहां पर किसी भी देश के लिए मजबूरी या जरूरी हो जाता है भाग लेना (खेलना)। अगर वो नहीं भाग लेंगे तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। या उस मैच को छोड़ना पड़ेगा, तो वैसे दूसरी टीम को पॉइंट्स भी मिल जाएंगे।
अनुराग ने कहा- इसकी बजाए, जो आपकी प्रतिबद्धता है, चाहे कोई भी खेले, मल्टीनेशन टूर्नामेंट में आपको खेलना ही पड़ता है। लेकिन भारत बाइलेटरल टूर्नामेंट (द्विपक्षीय सीरीज) पाकिस्तान के साथ नहीं खेलता। कई सालों से हमने यह फैसला किया है कि भारत पाकिस्तान के साथ बाइलेटरल नहीं खेलेगा। जब तक पाकिस्तान भारत पर आतंकवादी हमले या कार्रवाई बंद नहीं करता। जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को खत्म नहीं करता।
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन आफरीदी और सुफियान मुकीम।

