कागज पर टीम इंडिया मजबूत: पाकिस्तान के पूर्व पेसर उमर गुल बोले- एक स्पैल बदल देगा इंडिया- PAK मैच का नतीजा
Published:
3 min read

उमर गुल ने पाकिस्तान के लिए 237 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। फोटो सोर्स: सोशल मीडिया
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पूर्व पेसर उमर गुल ने माना है कि एशिया कप 2025 में टीम इंडिया कागज पर बेहद मजबूत नजर आती है। गुल का कहना है कि टी20 क्रिकेट में एक अच्छी पारी या एक अच्छा स्पैल मैच का रुख बदल सकता है।
कराची में एक प्रोग्राम के दौरान मीडिया से बातचीत में गुल ने कहा कि हम पाकिस्तानियों को अपनी टीम का साथ देना चाहिए। उन्होंने खास तौर पर कहा कि बल्लेबाजों को अपने गेंदबाजों पर भरोसा दिखाना होगा और उनका साथ देना होगा।
बाॅलिंग युनिट में सुधार की गुंजाइश
एक सवाल के जवाब में गुल ने कहा- पाकिस्तान टीम की बॉलिंग यूनिट लगातार अच्छा परफॉर्म नहीं कर रही है। यही वजह है कि टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
गुल ने बताया कि पाकिस्तान के बॉलर डेथ ओवर्स में ज्यादा रन दे रहे हैं और मिडिल ओवर्स में विकेट भी नहीं ले पा रहे हैं। इससे अपोजिशन को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिल जाता है।
आज के बॉलर पहले जैसे नहीं
गुल ने पुराना वक्त याद करते हुए कहा- पहले पाकिस्तान मैच अपनी बॉलिंग के दम पर जीतता था, हालांकि कई बार बैट्समैन ने भी मैच जिताए हैं। लेकिन इसमें भी कोई दो राय नहीं कि पाकिस्तान के बॉलर पुरानी टीम की तरह नहीं खेल पा रहे। ये बॉलर अहम मौकों पर परफॉर्म नहीं कर पाते।
रोहित और कोहली की कमी महसूस होगी
एशिया कप के बारे में पूछे गए एक सवाल पर गुल ने कहा- इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं। बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की कमी इस बार टूर्नामेंट में महसूस की जाएगी।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकीम।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

