एशिया कप 2025: BCCI ने भारत सरकार से मंजूरी मांगी, भारत-पाकिस्तान मैच 7 सितंबर को संभव
Published:
2 min read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड। (फाइल फोटो) सोर्सः PTI
एशिया कप 2025 इसी साल सितंबर में खेला जाना है। इसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला भी खेला जाना है। मगर इन दोनों देशों के बीच पहले से ही रिश्ते ठीक नहीं थे। हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद इसमें और कड़वाहट आ गई। ऐसे में एशिया कप को न्यूट्रल वेन्यू पर करवाने की चर्चा चल रही है।
एशिया कप की मेजबानी इस समय भारत के पास है। मगर इसे अब UAE में शिफ्ट किया जा सकता है। इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारत सरकार से मंजूरी मांगी है। अब फैसले का इंतजार है।
एशियन काउंसिल ने BCCI से जवाब मांगा
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी के नेतृत्व में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने पहले बीसीसीआई को लेटर लिख कर तुरंत जवाब देने को कहा था। टूर्नामेंट शुरू होने में दो महीने से भी कम समय बचा है। एसीसी ने लिखा, ‘हमें बताया गया कि अगर यह जानकारी नहीं मिली तो उनकी योजना बनाने, संसाधनों का उपयोग करने और मार्केटिंग कैंपेन चलाने की क्षमता बहुत कम हो जाएगी।’
साथ ही मीडिया पार्टनर ने उन चुनौतियों का उल्लेख किया है, जिनका वे सामना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से 60 से 90 दिन पहले कई जिम्मेदारियां शुरू हो जाती हैं। हमारे स्पॉन्सर पार्टनर टीसीएम ने बताया कि समय पर पैसा कमाने और योजना को लागू करने के लिए सही समय सीमा बहुत जरूरी है।
भारत-पाकिस्तान के बीच 2 मैच हो सकते हैं
अगर एशिया कप सितंबर में नहीं होता है, तो इस साल कोई और मौका मिलने की संभावना कम है। एसीसी की फाइनेंशियल कंडीशन भी इस टूर्नामेंट पर डिपेंड करती है, क्योंकि यह उनका एकमात्र रेवेन्यू स्ट्रीम है। हालांकि, टूर्नामेंट के लिए एक अस्थिर कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक 17 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का शेड्यूल लगभग तय हो चुका है। इसका पहला मुकाबला 5 सितंबर और फाइनल 21 सितंबर को होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत पहली बार 7 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा और अगली बार भिड़ने की संभावना 14 सितंबर को है। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अधिकतर सदस्य देशों को एशिया कप 2025 में भाग लेने के लिए सरकारों से लगभग मंजूरी मिल गई है।

