UAE के कप्तान ने टीम इंडिया को दी वॉर्निंग: कहा- ये हमारा घर है, भारत-पाकिस्तान टीम का अनुभव मायने नहीं रखता
Published:
2 min read

UAE टीम के कप्तान मोहम्मद वसीम ने अब तक 61 वनडे और 82 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में आगाज से पहले मेजबान UAE टीम के कप्तान मोहम्मद वसीम ने एक बड़ा बयान देते हुए टीम इंडिया को वॉर्निंग दी। वसीम ने कहा कि ये हमारा घर है। हमारे लिए भारत-पाकिस्तान टीम का अनुभव मायने नहीं रखता, क्योंकि हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वसीम ने कहा कि जो मैच वाले दिन अच्छा खेलेगा वही जीतेगा।
दरअसल, एशिया कप 2025 का दूसरा मुकाबला ग्रुप-ए में भारतीय टीम और UAE के बीच बुधवार (10 सितंबर) को होगा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच से पहले वसीम का यह बयान आया है।
रिजल्ट आपके खेल पर डिपेंड रहेगा
वसीम ने कहा- हम इसे बड़ा मैच नहीं मान रहे हैं, क्योंकि हमारे सामने खेलने वाली सभी टीमें अच्छी हैं। इस कारण हमारे लिए सभी मैच एक जैसे हैं। हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अपने प्लान को ही फॉलो करेंगे। मैच वाले दिन जो कुछ भी करना होगा, करेंगे। रिजल्ट आपके खेल पर डिपेंड है।
UAE के कप्तान ने कहा- हमने किसी एक के खिलाफ प्लान नहीं बनाया। हमने सभी टीमों के मिलाकर 6-7 बैटर्स के खिलाफ प्लान बनाए हैं। हम उनकी (विपक्षी टीम) की ताकत को और मजबूत नहीं होने देंगे। हम उनके विकेटटेकर बॉलर्स को सावधानी के साथ खेलेंगे। हमने ऐसा प्लान बनाया है।
यह हमारा घर है, इसका फायदा लेंगे
वसीम ने कहा- जब भी यहां (UAE) ओस गिरती है तो मुझे लगता है कि स्पिनर्स को ज्यादा मदद नहीं मिलती। बाकी सबकुछ वेदर पर डिपेंड करेगा। जैसा कि मैंने आपको बताया, हमने जो कुछ भी सीखा है।
उन्होंने आगे कहा- हां, आपने यह भी सही कहा है कि हमने यहां काफी क्रिकेट खेली है। हम यह भी कहेंगे कि भारत-पाकिस्तान ने भी यहां काफी क्रिकेट खेली है, लेकिन यह हमारा घर है। हम अपना बेस्ट देकर फायदा लेना चाहेंगे।
एशिया कप में भारत-UAE के स्क्वॉड:
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
UAE की टीम: मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा, आसिफ खान, ध्रुव पाराशर, एथन डिसूजा, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मतीउल्लाह खान, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद जवादुल्लाह, मोहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा, मोहम्मद रोहिद खान, सिमरनजीत सिंह और सगीर खान।

