एशिया कप, UAE ने ओमान को 42 रन से हराया: अब पाकिस्तान के लिए करो या मरो, आखिरी मुकाबला UAE से; ओमान टीम टूर्नामेंट से बाहर
Published: Updated:
2 min read

ओमान को हराने के बाद अब UAE टीम के भी 2 अंक हो गए हैं। यह टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है, क्योंकि उसका नेट रनरेट -2.030 है। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का 7वां मुकाबला एकतरफा रहा, जिसमें मेजबान टीम UAE ने ओमान को 42 रन से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ ही ओमान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। जबकि UAE के लिए सुपर-4 राउंड में क्वालिफाई का मौका बन गया है।
इसके साथ ही अब पाकिस्तान टीम के लिए मुश्किलें बढ़ गई है, क्योंकि उसे ग्रुप में आखिरी मैच UAE से ही खेलना है। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो का रहने वाला है।
यदि UAE ने अगले मैच में पाकिस्तान को हरा दिया, तो मेजबान टीम सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लेगी। जबकि पाकिस्तान टीम बाहर हो जाएगी। सुपर-4 राउंड में एंट्री के लिए पाकिस्तान को अगला मैच UAE से हर हाल में जीतना ही होगा। यह मैच बुधवार (17 सितंबर) को दुबई में होगा।
सुपर-4 राउंड में पहुंची भारतीय टीम
फिलहाल, ग्रुप-ए को पॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम टॉप पर है, जिसके 4 अंक और नेट रनरेट 4.793 का है। टीम इंडिया ने सुपर-4 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। जबकि दूसरे नंबर पर काबिज पाकिस्तान टीम के 2 पॉइंट्स और नेट रनरेट 1.649 का है।
ओमान को हराने के बाद अब UAE टीम के भी 2 अंक हो गए हैं। यह टीम तीसरे नंबर पर है, क्योंकि उसका नेट रनरेट -2.030 है। ओमान अब तक कोई मैच नहीं जीत सकी है। उसे आखिरी मैच टीम इंडिया के खिलाफ 19 सितंबर को खेलना है।
इस तरह UAE ने 42 रन से मैच जीता
ओमान के खिलाफ मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए UAE टीम ने 5 विकेट पर 172 रन बनाए थे। टीम के लिए कप्तान मोहम्मद वसीम ने 54 बॉल पर सबसे ज्यादा 69 रन की पारी खेली थी। अलिशान शराफू ने 38 बॉल पर 51 रन बनाए थे। ओमान के लिए जितेन रामानंदी ने 2 विकेट लिए।
173 रन के टारगेट के जवाब में ओमान की टीम 18.4 ओवर में 130 रन पर ही सिमट गई। टीम के लिए आर्यन बिष्ट ने 24, कप्तान जतिंदर सिंह ने 20 और विनायक शुक्ला ने भी 20 रन बनाए। UAE के लिए जुनैद सिद्दिकी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। हैदर अली और मोहम्मद जवादुल्लाह ने 2-2 विकेट लिए। इस तरह UAE टीम ने यह मैच 42 रन से जीत लिया।

