मेरी इजाजत के बिना ट्रॉफी नहीं मिलेगी: एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर मोहसिन नकवी का बयान; भारत को अब तक नहीं मिली ट्रॉफी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला हमेशा ही चर्चा मे रहता है। इस बार मामला सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। एशिया कप 2025 खत्म हुए काफी वक्त हो चुका है। भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीती, लेकिन आज तक वह ट्रॉफी टीम इंडिया को नहीं सौंपी गई है। इसकी वजह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चीफ मोहसिन नकवी हैं। अब नकवी ने नया फरमान जारी किया है।
मेरी परमिशन के बगैर ट्रॉफी न दी जाए
नकवी ने कहा- ट्रॉफी वह खुद भारत को देंगे। चाहे जब भी वो मौका आए। बिना मेरी इजाजत के भारत को ट्रॉफी नहीं दी जा सकती।

भारतीय टीम ने हैंडशेक नहीं किया था
यह घटना सिर्फ एक ट्रॉफी तक सीमित नहीं है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान के प्लेयर के बीच दूरी साफ देखी गई। भारतीय टीम ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। पाकिस्तानी प्लेयर्स कई बार मैदान पर उकसाने के इशारे भी किए थे।इसके अलावा नकवी ने सोशल मीडिया पर कुछ बयान भी दिए थे। इसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) नाखुश है। BCCI का मानना है कि नकवी का यह रवैया खेल भावना के खिलाफ है।

अब तक नहीं मिली ट्रॉफी
भारत ने 28 सितंबर को खेले गए फाइनल में पाकिस्तान को हराया। इसके बाद नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उनके साथी ट्रॉफी मंच से उठाकर ले गए। अब यह ट्रॉफी दुबई के ACC के दफ्तर में है। नकवी ने अपने स्टाफ से साफ कहा है कि जब तक वे खुद मौजूद न हों, तब तक ट्रॉफी को न तो कहीं ले जाया जाए और न ही भारत को सौंपा जाए।

