एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर एबी डिविलियर्स बोले: खेल और राजनीति को अलग रखें, टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया सबसे मजबूत
Published:
2 min read

एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल 360 पर वीडियो शेयर करते हुए ट्रॉफी विवाद के बारे में बात की। (@abdevilliers17)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीत लिया। हालांकि, भारत ने पहलगाम हमले के चलते भारतीय टीम ने न तो PAK खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया। इस पर विवाद भी जारी है। इन सबके बीच साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने इस विवाद पर बयान दिया है। उन्होंने कहा, खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए।
'खेल की चमक फीकी न पड़े'
डिविलियर्स ने कहा - टीम इंडिया इस बात से खुश नहीं लग रही थी कि ट्रॉफी कौन दे रहा है। यह गेम का पार्ट नहीं होना चाहिए। राजनीति को खेल से अलग रखना चाहिए। खेल को खेल की तरह खेलना चाहिए। यह देखकर बुरा लगा, लेकिन उम्मीद है आगे यह सब ठीक हो जाएगा। प्लेयर्स को ऐसी कंडीशन में देखना, जहां खेल से ज्यादा दूसरी बात हावी हों, यह मुझे अच्छा नहीं लगा। इससे विनर्स और खेल की चमक फीकी पड़ रही है।
डिविलियर्स ने भारत की तारीफ की
उन्होंने कहा, सबसे जरूरी चीज क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए। भारत इस समय बेहद मजबूत कंडीशन में दिख रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में भी ज्यादा समय नहीं बचा है। यह टीम बहुत प्रतिभा से भरी है और बड़े टूर्नामेंट में यह अच्छा प्रदर्शन करेगी।
आखिर क्या है ट्रॉफी विवाद?
एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने से इंकार कर दिया था। मंच पर नकवी टीम इंडिया का इंतजार करते रहे कि कप्तान सूर्यकुमार यादव मंच पर आकर ट्रॉफी लेंगे, पर सूर्या ट्रॉफी लेने नहीं गए। बाद में नकवी ट्रॉफी स्टेडियम से बाहर अपने होटल ले गए। इसके चलते टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं मिली और बिना ट्रॉफी के ही उनको जश्न मनाना पड़ा।

