हमारे लिए एशिया कप की शुरुआत में 2 शुभ समाचार: 15 मैच के बाद टीम इंडिया ने टॉस जीता; सूर्या से शुरुआत और उनसे ही अंत
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया। बुधवार (10 सितंबर) को हुए अपने पहले ही मैच से 2 शुभ समाचार आए। पहला तो यह है कि टीम इंडिया ने 15 इंटरनेशनल मैच (तीनों फॉर्मेट) के बाद टॉस जीत लिया है। दूसरा टीम ने मुकाबला भी जीत लिया। यह पहला मैच मेजबान UAE टीम के खिलाफ था, जिसे 9 विकेट से हराया।
पहले बात करते हैं टॉस जीतने की। टीम इंडिया ने UAE के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। यह तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में 15 मैच के बाद भारतीय टीम ने टॉस जीता है। इस सिलसिले की शुरुआत सूर्या से हुई थी और इसका अंत भी सूर्या ने ही किया है।
इससे पहले 28 फरवरी 2025 को जीता था टॉस
दरअसल, भारतीय टीम ने आखिरी बार इसी साल 28 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टी20 मुकाबले में टॉस जीता था। यह 5 मैच की सीरीज का तीसरा टी20 मैच था। फिर सीरीज के बाकी दो टी20 मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारे थे। इस दौरान सूर्या ही भारतीय टी20 टीम के कप्तान थे।
इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में फरवरी-मार्च में 8 वनडे मैच खेले, लेकिन सभी में टॉस हारे। इसमें सबसे पहले इंग्लैंड के खिलाफ 3 घरेलू वनडे मैच खेले। इसके बाद चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के तहत दुबई में 5 मुकाबले हुए।
इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज में सभी टॉस हारे
इसके बाद जून-जुलाई में भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेली। इस दौरान टीम की कप्तानी शुभमन गिल ने संभाली। सीरीज के सभी मैचों में टीम इंडिया ने टॉस हारे थे।
इस तरह भारतीय टीम ने लगातार 15 इंटरनेशनल मैच में टॉस गंवा दिए थे। अब एशिया कप 2025 में अपने पहले ही मैच में टॉस जीतकर यह सिलसिला खत्म कर दिया। संयोग की बात है कि इस दौरान भी टीम के कप्तान सूर्या ही हैं और फॉर्मेट भी टी20 ही रहा।
एशिया कप 2025 में जीत के साथ आगाज
दूसरा शुभ समाचार जीत के साथ एशिया कप का आगाज करना है। टीम इंडिया ने अपना पहला मुकाबला UAE के खिलाफ बुधवार (10 सितंबर) को दुबई में खेला, जिसे 9 विकेट से जीत लिया। मुकाबले में स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना, जिन्होंने 4 विकेट लिए।
मैच में टीम इंडिया को 58 रन का टारगेट मिला था, जिसे 27 बॉल में हासिल कर लिया। यह भारतीय टीम के खिलाफ किसी भी टीम का टी20 फॉर्मेट में सबसे छोटा टारगेट रहा। इससे पहले UAE ने ही 82 रन का टारगेट दिया था। यह मुकाबला 3 मार्च 2016 को मीरपुर में हुआ था।
एशिया कप में भारतीय स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

