8 विकेट के बाद भी बैटिंग करने नहीं आए सूर्यकुमार: पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले मिडिल और लोअर ऑर्डर को देना था मौका, पाकिस्तान मैच से पहले ये था प्ला
Published: Updated:
3 min read

सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में शानदार पारी खेली थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 में ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ओमान के खिलाफ खेला, जिसे 21 रन से जीत लिया। टीम इंडिया पहले ही सुपर-4 में पहुंच चुकी है, लेकिन ओमान के खिलाफ टीम एक नए प्लान के साथ उतरी थी। इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 188 रन बनाए, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव बैटिंग के लिए नहीं उतरे।
नंबर-3 पर आने वाले तिलक वर्मा को भी 7वें नंबर पर बैटिंग के लिए भेजा था। उन्होंने 18 बॉल पर 29 रन बनाए। खास बात यह रही कि सभी 10 प्लेयर बैटिंग के लिए उतरे, लेकिन सूर्या बेंच पर बैठे रहे।
इंडिया ने मिडिल और लोअर ऑर्डर को आजमाया
दरअसल, भारतीय टीम ओमान के खिलाफ एक प्लान के साथ उतरी थी। इस एशिया कप सीजन में भारतीय टीम का यह तीसरा मैच था। इससे पहले दो मुकाबलों में टीम इंडिया के टॉप-5 बैटर्स को ही खेलने का मौका मिला था। ऐसे में ओमान के खिलाफ टीम इंडिया ने अपने मिडिल और लोअर ऑर्डर को आजमाने का प्लान बनाया था।
यही कारण भी रहा कि टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। जबकि अबु धाबी के इस मैदान पर बाद में बैटिंग करना फायदेमंद होता है। यहां ड्यू (ओस) एक फैक्टर होती है। इसके बावजूद टीम इंडिया ने अपने बल्लेबाजों को मौका देने के लिए पहले बैटिंग का फैसला किया।
संजू, अभिषेक, तिलक और अक्षर ने दिखाया दम
इसी के चलते संजू सैमसन को नंबर-3 पर भेजा, जिन्होंने 45 बॉल पर 56 रन की पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 15 बॉल पर ताबड़तोड़ 38 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 29 और अक्षर पटेल ने 26 रन बनाए। अक्षर को 5वें नंबर पर भेजा था।
सूर्य बेंच पर बैठे रहे और उनसे आगे तेज गेंदबाज हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव को भी बैटिंग के लिए भेजा गया। टीम मैनेजमेंट देखना चाहता था कि यदि किसी मैच में टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर बिखर जाए तो क्या लोअर ऑर्डर कुछ दम दिखा पाता है या नहीं।
बुमराह के बगैर बॉलिंग डिपार्टमेंट स्ट्रगल करता दिखा
हर्षित इस प्लान में खरे उतरे। उन्होंने 8 बॉल पर एक छक्का लगाकर नाबाद 13 रन बनाए। इस मैच के बाद यह साफ हो गया कि यदि किसी मैच में सूर्या जल्दी आउट हो जाते हैं तो टीम 180 रन के स्कोर को पार करने की ताकत रखती है।
हालांकि गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम काफी ज्यादा स्ट्रगल करती नजर आई। ओमान जैसी टीम ने 189 रन के टारगेट के जवाब में 4 विकेट गंवाकर 167 रन बना दिए थे। यदि ओमान की जगह कोई अनुभवी टीम होती या टेस्ट प्लेइंग टीम होती तो नतीजा कुछ और हो सकता था। बुमराह के बगैर टीम इंडिया को बॉलिंग डिपार्टमेंट में सुधार की जरूरत है।
मैच में भारतीय प्लेइंग-11:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव।
मैच में ओमान की प्लेइंग-11:
आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), शाह फैसल, जिक्रिया इस्लाम, आर्यन बिष्ट, मोहम्मद नदीम, शकील अहमद, समय श्रीवास्तव और जितेन रामानंदी।

