पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले ब्रोंको टेस्ट, VIDEO: 6 मिनट में 1200 मीटर दौड़े भारतीय प्लेयर्स; कोच बोले- इससे खिलाड़ी खुद अपना फिटनेस टेस्ट कर सकते
Published: Updated:
2 min read

संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या समेत एशिया कप स्क्वॉड में शामिल सभी भारतीय प्लेयर्स ने ब्रोंको टेस्ट दिया। (@BCCI)
स्पोर्टस डेस्क. एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार (14 सितंबर) को दुबई में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की टक्कर पाकिस्तान से होगी। इससे पहले 11 सितंबर को भारतीय टीम का ब्रोंको टेस्ट (Bronco Test) हुआ। इसका वीडियो खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शेयर किया।
इस ब्रोंको टेस्ट में क्रिकेटर्स को 6 मिनट में 1200 मीटर दौड़ना होता है। सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल समेत सभी प्लेयर्स ने यह टेस्ट पास किया। वीडियो में टीम इंडिया के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रॉक्स (Adrian Le Roux) ने बयान दिया।
ब्रोंको टेस्ट से दो चीजें पता चलेंगी
रॉक्स ने कहा- हमने आज जो रन किया है, यह ब्रोंको रन है। यह कोई नया रन या मेजरमेंट नहीं है। यह बहुत से स्पोर्ट्स में कई सालों से है। हमने इसे हाल ही में लागू किया है। इसके पीछे भी दो बड़ी वजह हैं।
उन्होंने कहा- पहला तो यही है कि हम इसे ट्रेनिंग के रूप में भी ले सकते हैं। दूसरा है कि हम इसे एक मेजरमेंट के तौर पर भी यूज कर सकते हैं। इससे पता चलेगा कि क्या हम सही डायरेक्शन में बढ़ रहे हैं या नहीं। इससे प्लेयर्स की एरोबिक फिटनेस का भी अंदाजा लगेगा।
यह टेस्ट कहीं भी और कभी भी कर सकते हैं
रॉक्स ने कहा- यह एक फील्ड टेस्ट है। दूसरे शब्दों में कहें तो इसे (ब्रोंको टेस्ट) आप किसी भी जगह और दुनिया के किसी भी मैदान पर कर सकते हैं। ट्रेवल के दौरान भी आप इसे कहीं भी यूज कर सकते हैं। इस टेस्ट के जरिए प्लेयर्स खुद भी अपना फिटनेस टेस्ट कर सकते हैं।
उन्होंने कहा- मुझे दो चीजें लगती हैं। मेरा मानना है कि यह स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग के लिए एक पेशन है। यह पेशन व्यक्ति को बेहतर बनने और अपनी स्किल्स सामने लाने में मदद करता है।
दूसरी बार टीम इंडिया से जुड़े रॉक्स
रॉक्स दूसरी बार भारतीय टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच बने हैं। उनका पहला कार्यकाल जनवरी 2002 से मई 2003 तक रहा था। फिर वे साउथ अफ्रीकी टीम के साथ काम करने लगे थे। 2008 में IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़े। वे पंजाब किंग्स (PBKS) टीम के भी कोच रहे। अब वे दूसरी बार भारतीय टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच बने। उन्होंने सोहम देसाई की जगह ली है।

