ट्रॉफी जीतने पर 3 काम करेगी टीम इंडिया: PAK प्लेयर्स से हैंडशेक नहीं होगा, ACC चीफ पाकिस्तानी है-उससे ट्रॉफी नहीं लेगी; PAK टीम के साथ मंच साझा नहीं
Published:
3 min read

भारतीय टीम ने 14 सितंबर को दुबई में हुए मैच में पाकिस्तान को 15.5 ओवर में 7 विकेट से हराया था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ने सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद हाथ नहीं मिलाया था। इस मामले में पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड (PCB) को बेइज्जती महसूस हुई और उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत कर दी।
इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो BCCI ने एशिया कप के फाइनल में 3 बड़े काम करने का फैसला किया है।
नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी भारतीय टीम
यदि टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो इस मुकाबले के दौरान किसी भी समय भारतीय खिलाड़ी किसी भी पाकिस्तानी प्लेयर या अधिकारी से हाथ नहीं मिलाएंगे। ना टॉस के दौरान और ना ही मुकाबले के बाद कोई हैंडशेक होगा।
भारतीय टीम यदि फाइनल जीतती है तो एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेंगे, क्योंकि वे पाकिस्तानी हैं। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भी चेयरमैन हैं। ACC चीफ ही हमेशा विजेता टीम को ट्रॉफी देते हैं, लेकिन इस बार टीम इंडिया जीतती है तो नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी।
पाकिस्तानी प्लेयर या अधिकारी के साथ मंच साझा नहीं होगा
इसके अलावा फाइनल मुकाबले के बाद भारतीय टीम किसी भी पाकिस्तानी प्लेयर्स, स्टाफ और अधिकारियों के साथ मंच साझा नहीं करेगी। यानी मैसेज साफ है कि जो माहौल पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में देखने को मिला था, वही फाइनल में भी होगा।
एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को होना है। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा।
पाकिस्तान ने दी एशिया कप से हटने की धमकी
14 सितंबर को मैच में टॉस के दौरान और मुकाबला जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था। इस बात से तिलमिलाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप छोड़ने की धमकी तक दे दी है। साथ ही PCB ने अपने एक बड़े अधिकारी को भी सस्पेंड कर दिया है।
PCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की शिकायत की है। PCB और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी ने आरोप लगाया कि मैच रेफरी ने ICC के नियम तोड़े हैं। उन्हें एशिया कप के बाकी मैचों से हटा दिया जाए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
गौतम गंभीर ने दिया था ‘नो हैंडशेक’ का ऑर्डर
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने का फैसला हेड कोच गौतम गंभीर का था। गंभीर ने ही प्लेयर्स को ऐसा करने का ऑर्डर दिया था।
‘टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने का फैसला अचानक नहीं लिया गया। टीम इंडिया इसके जरिए दुनिया तक यह मैसेज पहुंचाना चाहती थी कि वो हर कदम पर देश के साथ है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

