UAE के खिलाफ सूर्या ने दिखाई दरियादिली: आउट होने के बाद बल्लेबाज को दोबारा खेलने बुलाया; गेंदबाज का टॉवेल गिरने से डिस्ट्रैक्ट हुआ था बैटर
Published:
3 min read

भारतीय टीम ने अपने पहले ही मैच में UAE को 27 बॉल में हरा दिया। यह मैच दुबई में खेला गया। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में UAE को 9 विकेट से हराकर शानदार आगाज किया। यह मुकाबला बुधवार (10 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की दरियादिली भी देखने को मिली। उन्होंने आउट होने के बावजूद UAE के बल्लेबाज को दोबारा खेलने बुला लिया। यह बैटर गेंदबाज का टॉवेल गिरने से डिस्टर्ब हुआ था।
दरअसल, यह वाकया UAE की पारी के दौरान 13वें ओवर में हुआ था। यह ओवर मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर शिवम दुबे कर रहे थे। वे ओवर की तीसरी बॉल डालने जा रहे थे। तब स्ट्राइक पर जुनैद सिद्दिकी थे।
जीवनदान पाकर अगली बॉल पर आउट हुए सिद्दिकी
शिवम दुबे ने बॉल डालने के लिए रनअप लेना शुरू कर दिया था। इसी एक्शन के दौरान उनकी कमर में लगा टॉवेल गिर गया। हालांकि दुबे रुके नहीं और उन्होंने बॉल डाली। यह शॉर्ट डिलिवरी थी, जिस पर सिद्दिकी ने पुल शॉट खेला। हालांकि उनसे बॉल मिस हो गई और सीधे विकेटकीपर के हाथों में गई।
तभी सिद्दिकी अंपायर से शिकायत करने लगे कि दुबे का टॉवेल गिरने के कारण वे डिस्ट्रैक्ट हुए थे। इस दौरान सिद्दिकी क्रीज से बाहर खड़े थे। इस पर विकेटकीपर संजू सैमसन ने सिद्दिकी को रनआउट कर दिया। थर्ड अंपायर ने भी प्लेयर को आउट करार दिया। इस पर सूर्या ने दरियादिली दिखाई और अंपायर से अपनी अपील वापस ले ली। अंपायर ने सिद्दिकी को नॉटआउट दिया और फिर से बैटिंग के लिए बुलाया।
हांलाकि सिद्दिकी इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। वे अगली ही बॉल पर कैच आउट हुए। इस बार दुबे की बॉल पर सूर्या ने ही कैच आउट किया। सिद्दिकी 3 बॉल खेलकर खाता नहीं खोल सके।
भारतीय टीम ने 27 बॉल में यह मैच जीता
इस मैच में टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी UAE की टीम 13.1 ओवर में 57 रन ही बना सकी। अलीशान शराफू ने 22 और कप्तान मोहम्मद वसीम ने 19 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बैटर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम इंडिया के लिए कुलदीप यादव ने 4 और शिवम दुबे ने 3 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली।
58 रन के टारगेट को टीम इंडिया ने 27 बॉल में हासिल कर लिया। ओपनर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दी। टीम ने 48 रन पर पहला विकेट गंवाया। अभिषेक शर्मा 16 बॉल पर 30 रन बनाकर कैच आउट हुए। जुनैद सिद्दिकी ने उनका विकेट लिया।
शुभमन गिल 9 बॉल पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ कप्तान सूर्या ने 2 बॉल पर नाबाद 7 रन बनाए। भारतीय टीम 2 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। टीम का नेट रनरेट प्लस में 10.483 है।
मैच में भारत-UAE की प्लेइंग-11
टीम इंडिया: शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
UAE की टीम: मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, हर्षित कौशिक, मोहम्मद जोहैब, हैदर अली, ध्रुव पाराशर, जुनैद सिद्दिकी, सिमरनजीत सिंह और मोहम्मद रोहिद।

