'किसने बोला कि हम एशिया कप के दावेदार': सूर्या बोले- बस जुनून से खेलेगी टीम इंडिया; PAK कप्तान ने कहा- शॉर्टर फॉर्मेंट में कुछ भी मुमकिन
Published:
3 min read

टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 की शुरुआत से ठीक पहले दुबई में सभी आठ टीमों के कप्तानों ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। इस मौके पर सबसे ज्यादा ध्यान भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा पर था।
किसने कहा हम दावेदार हैं…
एक जर्नलिस्ट ने सूर्या से सवाल किया- टीम इंडिया को एशिया कप का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इस पर कप्तान ने मुस्कराते हुए कहा- किसने बोला? मैंने तो नहीं सुना। हम कई साल से शॉर्टर फॉर्मेट खेल रहे हैं। पूरे जुनून के साथ मैदान में उतरेंगेभारत ने लंबे समय से T20 इंटरनेशनल नहीं खेला है। आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ इस साल की शुरुआत में था। सूर्या ने कहा- हम कुछ दिन पहले ही यहां आ गए थे। अब तक अच्छे प्रैक्टिस सेशन किए हैं।
कोई किसी को भी हरा सकता है
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा- T20 ऐसा फॉर्मेट है, जिसमें कुछ भी हो सकता है। कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है। इसलिए किसी एक टीम को फेवरेट कहना सही नहीं है।
जीत के लिए जुनून जरूरी
एक जर्नलिस्ट ने दोनों टीम के कप्तान से सवाल किया। उसने पूछा भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान खिलाड़ियों को गुस्से पर काबू रखना चाहिए या नहीं? सूर्या ने कहा- गुस्सा या जोश हमेशा होता है, जब हम मैदान में उतरते हैं। मैच जीतने के लिए जोश की जरुरत होती है। हर प्लेयर अलग होता है। उसे खुद पता होता है कि उसे अपना बेस्ट कैसे देना है।

बाॅलर के लिए गुस्सा जरूरी
पाकिस्तान के कप्तान सलमान ने भी कहा- अगर कोई खिलाड़ी खुलकर खेलना चाहता है, खासकर तेज गेंदबाज तो वो गुस्से में ही अपना बेस्ट देते हैं। मैच जीतने के लिए फाइटिंग स्पिरिट होना चाहिए।
बाइलेटरल सीरीज नहीं
भारत और पाकिस्तान का मैच सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं होता। यहां सियासत, भावनाएं और बिजनेस भी होता है।
दोनों टीमों के बीच 13 साल से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई है। आखिरी बार दिसंबर 2012 में पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच 2 टी20 मैच की सीरीज ड्रॉ रही थी। 3 वनडे मैच की सीरीज पाकिस्तान ने जीती थी।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकीम।

