एशिया कप फाइनल- टेंशन पर अटेंशन: सूर्या ने सलमान के साथ ट्रॉफी के सामने फोटो क्लिक नहीं कराया, टॉस के वक्त दो प्रेजेंटर मौजूद
Published:
3 min read

एशिया कप फाइनल में सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग का फैसला किया।(फोटो क्रेडिट; सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के फाइनल की शुरुआत टेंशन और उस पर अटेंशन से हुई। टॉस के वक्त दो प्रेजेंटर (कमेंटेटर्स) मौजूद रहे। ये थे रवि शास्त्री और रमीज राजा। टॉस सूर्यकुमार यादव ने जीता और पहले बॉलिंग का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने रवि शास्त्री से बातचीत की। इसमें बताया कि हार्दिक पंड्या को निगल इंजरी है और वो इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा शिवम दुबे की भी वापसी हुई है। शिवम को श्रीलंका के खिलाफ रेस्ट दिया गया था।
सलमान अली आगा ने क्या कहा
सलमान अली आगा ने रवि शास्त्री की बजाए पाकिस्तान के कमेंटेटर वकार यूनिस से बातचीत की। आगा ने कहा- हम मैच के लिए तैयारी से आए हैं। हमने अपनी टीम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया है। इस मैच में मैच रेफरी वेस्ट इंडीज के पूर्व कप्तान रिची रिचर्डसन रहे। पाकिस्तान ने एंडी पायक्रॉफ्ट को लेकर ऑब्जेक्शन रजिस्टर कराया था।

इंडिविजुअल फोटो सेरेमनी
किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल में मैच से पहले ट्रॉफी के साथ दोनों कप्तान पोज देते हैं। इस मैच में यह पोज सेरेमनी तो हुई, लेकिन दोनों कप्तान ट्रॉफी के साथ नजर नहीं आए। सूर्या ने फोटो नहीं कराया। सलमान अली आगा ने जरूर ट्रॉफी के साथ पोज दिया। इसके बाद दोनों कप्तान अलग-अलग दिशाओं में अपनी ड्रेसिंग रूम की तरफ चले गए।

दो मैच और दोनों में हैंडेशक नहीं
इस एशिया कप में दोनों टीमों का दो बार मुकाबला हुआ। पहला मैच ग्रुप स्टेज का था। ये 14 सितंबर को खेला गया था। इसमें टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। दूसरा मुकाबला 21 सितंबर को हुआ था। इसमें टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी। दोनों मुकाबलों में खास बात यह रही कि टॉस के वक्त और मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के प्लेयर्स के बीच किसी तरह की दुआ सलाम तक नहीं हुई। प्लेयर्स ने हैंडशेक नहीं किया।
इस तनाव की ब्रीफ समरी
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इसमें पाकिस्तान से घुसे आतंकियों ने 26 पुरुषों की मजहब पूछकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से हमले का बदला लिया। पाकिस्तान में कई आतंकी पनाहगाहें तबाह कर दी गईं। उनके कई एयरबेस भी मटियामेट कर दिए। यह तनाव खेल के मैदान पर भी साफ नजर आ रहा है।

