एशिया कप सुपर-4 का पहला मैच बांग्लादेश जीता: श्रीलंका को 4 विकेट से हराया; सैफ और तौहिद ने लगाई मैच विनिंग फिफ्टी
Published: Updated:
2 min read

एशिया कप सुपर-4 में बांग्लादेश टीम का अगला मैच टीम इंडिया के खिलाफ होगा। यह मैच 24 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सुपर-4 राउंड का पहला मुकाबला शनिवार (20 सितंबर) को हुआ, जिसमें बांग्लादेश ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराया। मैच में बांग्लादेश के लिए सैफ हसन और तौहिद ह्रदोय ने फिफ्टी लगाई और टीम को जीत दिलाई। इस एशिया कप में श्रीलंका की यह पहली हार है। उसने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीते थे।
श्रीलंका ने दिया 169 रन का टारगेट
मैच में टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने 7 विकेट पर 168 रन बनाए। टीम के लिए दासुन सनाका ने 37 बॉल पर नाबाद 64 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा कुसल मेंडिस ने 34, पथुम निसंका ने 22 और चरिथ असलंका ने 21 रन बनाए।
बांग्लादेश के लिए बॉलिंग में मुस्तफिजुर रहमान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए थे। महेदी हसन ने 2 और तस्कीन अहमद ने 1 विकेट लिया था। इस तरह मैच में श्रीलंका ने 169 रन का टारगेट दिया।
सैफ-तौहिद की फिफ्टी से जीती बांग्लादेश
जवाब में बांग्लादेश टीम ने 6 विकेट पर 169 रन बनाकर यह मैच जीत लिया। टीम के लिए ओपनर सैफ हसन ने 45 बॉल पर 61 रनों की पारी खेली, जबकि तौहिद ह्रदोय ने 37 बॉल पर 58 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान लिटन दास ने 23 रन बनाए।
श्रीलंका के लिए वानिंदु हसारंगा और दासुन सनाका ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। नुवान तुषारा और दुष्मंथा चमीरा को 1-1 सफलता मिली। अब एशिया कप सुपर-4 का दूसरा मैच 21 सितंबर को होगा। इस मैच में भारतीय टीम और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी।
बांग्लादेश का अगला मैच टीम इंडिया से
एशिया कप सुपर-4 में बांग्लादेश टीम का अगला मैच टीम इंडिया के खिलाफ होगा। यह मैच 24 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। श्रीलंका अपना अगला मैच 23 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। यह मैच अबु धाबी में होगा।
मैच में दोनों टीमों प्लेइंग-11
श्रीलंका टीम: पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, चरिथ असलंका (कप्तान), दासुन शनाका, कामिंदु मेंडिस, वानिंदु हसारंगा, डुनिथ वेललेज, दुष्मंथा चमीरा और नुवान तुषारा।
बांग्लादेश टीम: सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, लिटन दास (विकेटकीपर/कप्तान), तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकिर अली, महेदी हसन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, शोरीफुल इस्लाम और मुस्तफिजुर रहमान।

