श्रीलंका उलटफेर का शिकार होने से बची: हॉन्गकॉन्ग चाइना 4 विकेट से हारकर एशिया कप से बाहर हुई; ग्रुप-बी से अभी कोई टीम क्वालिफाई नहीं कर सकी
Published: Updated:
2 min read

एशिया कप 2025 के ग्रुप-बी मैच में श्रीलंका ने हॉन्गकॉन्ग चाइना की टीम को 4 विकेट से हराया। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में सोमवार (15 सितंबर) को श्रीलंका टीम उलटफेर का शिकार होने से बची है। उसने हॉन्गकॉन्ग चाइना की टीम को 4 विकेट से हराया। इस हार के साथ ही हॉन्गकॉन्ग एशिया कप से बाहर हो गई है। यह टीम अपने सभी तीनों मैच हारी है। इस ग्रुप-बी से अभी कोई टीम सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी है।
हॉन्गकॉन्ग चाइना ने दिया 150 रन का टारगेट
मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग ली थी। फिर हॉन्गकॉन्ग चाइना की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 149 रन बनाए। टीम के लिए निजाकत खान ने 38 बॉल पर नाबाद 52 रन की पारी खेली।
इनके अलावा अंशी रथ ने 46 बॉल पर 48 रन बनाए। विकेटकीपर बैटिर जीशान अली ने 23 रन की पारी खेली। श्रीलंका के लिए दुष्मंथा चमीरा ने 2 विकेट लिए। वानिंदु हसारंगा और दासुन सनाका को 1-1 सफलता मिली।
श्रीलंका ने 127 रन पर गंवा दिए थे 6 विकेट
150 रन के टारगेट के जवाब में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत शानदार रही थी। टीम ने 15 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 119 रन बना दिए थे। यहां से लग रहा था कि श्रीलंका आसानी से मैच जीत लेगी, लेकिन मैच यहीं से फंसा। 16वें ओवर की पहली 2 बॉल पर दो विकेट गिरे।
पथुम निसंका रनआउट हुए। दूसरी बॉल पर यासिम मुर्तजा ने कुसल परेरा को LBW आउट किया। यहां से श्रीलंका थोड़ी मुश्किल में दिखी। 122 रन पर आधी टीम सिमट गई थी। 127 रन पर छठा विकेट गिर गया था। यहां से लग रहा था कि कहीं हॉन्गकॉन्ग चाइना की टीम उलटफेर ना कर दे।
सनाका और हसारंगा ने श्रीलंका को जीत दिलाई
हालांकि ऐसा नहीं हुआ। दासुन सनाका और वानिंदु हसारंगा ने 11 बॉल पर नाबाद 26 रन की पार्टनरशिप कर श्रीलंकाई टीम को 18.5 ओवर में ही जीत दिला दी।
प्लेयर ऑफ द मैच रहे निसंका ने सबसे ज्यादा 44 बॉल पर 68 रन की पारी खेली। कुसल परेरा और हसारंगा ने 20-20 रन बनाए। हॉन्गकॉन्ग चाइना के लिए यासिम मुर्तजा ने 2 विकेट लिए। आयुष शुक्ला, एहसान खान और ऐजाज खान ने 1-1 विकेट लिए।

