अफगानिस्तान एशिया कप से बाहर: श्रीलंका और बांग्लादेश सुपर-4 में; 40 साल के नबी ने 5 बॉल पर 5 छक्के लगाए
Published:
3 min read

श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराया। (@OfficialSLC)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 के सुपर-4 में श्रीलंका और बांग्लादेश ने जगह बना ली। 18 सितंबर (रविवार) को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस के साथ बांग्लादेश ने भी सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लिया। अफगानिस्तान के लिए नबी ने आखिरी ओवर में लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाए।
अफगानिस्तान ने 170 रन का टारगेट दिया
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत खास नहीं रही। 26 रन के टोटल स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज 14 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए करीम जनत भी टीम को संभाल नहीं पाए और 1 रन बनाकर आउट हो गए। 40 रन के स्कोर पर सदिक अलत भी पवेलियन की ओर लौट गए। इब्राहिम जादरान 24 रन बनाकर आउट हुए। राशिद खान ने पारी को संभाला और टीम का स्कोर 114 तक ले गए। राशिद 23 गेंद में 24 बनाकर आउट हुए।
आखिरी 2 ओवर में 49 रन बने
आखिरी ओवर में मोहम्मद नबी ने दुनिथ विल्लालागे के ओवर में 5 सिक्स लगाए। एक पल को ऐसा लगा मानो नबी ओवर में छह सिक्स मारेंगे, लेकिन आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए।
इस ओवर में कुल 32 रन आए। टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 169 रन बनाए। ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने 22 बॉल में 60 रनों की पारी खेली। एक वक्त पर श्रीलंकाई बॉलर अफगानिस्तानी बैटर्स पर हावी हो गए थे, लेकिन मोहम्मद नबी की पारी ने उन्हें अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया।
6 विकेट से श्रीलंका ने मैच जीता
टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। पथुम निसंका 6 रन बनाकर पवेलियन की तरफ लौट गए। 47 के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट गिर गया। कमिल मिशारा ने 10 गेंद में 4 रन बनाए। तीसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस और कुसल परेरा के बीच 36 गेंद में 45 रन की पार्टनरशिप हुई। परेरा 28 रन बनाकर आउट हुए। 119 रन पर कप्तान चरिथ असलंका 17 रन बनाकर आउट हुए। कुसल ने 52 बॉल पर नाबाद 74 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। 8 गेंद रहते श्रीलंका ने टारगेट पूरा कर लिया। अफगान के किसी भी गेंदबाज को एक से ज्यादा विकेट नहीं मिला।
सुपर 4 के लिए 4 टीम ने क्वालीफाई किया
ग्रुप A - टीम इंडिया 4 पॉइंट, पाकिस्तान 4 पॉइंट
ग्रप B - श्रीलंका 6 पॉइंट , बांग्लादेश 4 पॉइंट

