अय्यर को जगह क्यों नहीं मिली : अश्विन बोले- श्रेयस की परफॉर्मेेंस बहुत अच्छी थी; हरभजन ने कहा- सिराज X फैक्टर हो सकते हैं
Published:
3 min read

श्रेयस अय्यर ने अपना आखिरी T20I मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। (फोटो क्रेडिट:BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। हालांकि, अब बहस उन प्लेयर्स पर हो रही है, जिन्हें 15 मेंबर स्क्वॉड में जगह नहीं मिली।श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह ने सिलेक्टर्स पर सवाल उठाए हैं।
अय्यर का हालिया प्रदर्शन
श्रेयस ने IPL 2025 में पंजाब की तरफ से 17 मैच में 604 रन बनाए। इसमें 6 फिफ्टी शामिल थीं। बेस्ट स्कोर 97 रहा। लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो 6 नंबर पर थे। टीम को फाइनल तक लेकर गए। इसके बाद भी सिलेक्टर्स ने उन्हें एशिया कप टीम में शामिल नहीं किया और न ही रिजर्व में रखा।
अब अश्विन की बात सुनिए
अश्विन की राय में अय्यर को टीम में जगह न मिलना गलत है। अपने यूट्यूब चैनल Ash Ki Baat पर उन्होंने कहा- श्रेयस ने पिछले कुछ समय से अच्छी बैटिंग की है। अपनी कमजोरी यानी शॉर्ट बॉल के खिलाफ भी वो अब बेहतर हो गए हैं। वह अब जसप्रीत बुमराह और कगिसो रबाडा जैसे बॉलर के खिलाफ IPL 2025 में रन बनाकर आए हैं।
चीफ सिलेक्टर ने क्या कहा था
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर 19 अगस्त को टीम के ऐलान के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस के बारे में कहा था- उनकी कोई गलती नहीं है। हमें सिर्फ 15 प्लेयर की टीम बनानी थी। उन्हे वेट करना पड़ेगा। आने वाली T20I सीरीज में मौका मिलेगा।
हरभजन ने पूछा- सिराज क्यों नहीं
श्रेयस के अलावा के मोहम्मद सिराज के सिलेक्शन नहीं होने पर हरभजन सिंह ने सवालिया निशान लगाए।
भज्जी ने कहा- सिराज ने हाल ही में खत्म हुई भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के 5 मैच में 23 विकेट लिए थे। सिराज अच्छे फॉर्म में हैं। सिराज एशिया कप मे X फैक्टर साबित हो सकते थे।
सिराज को रिजर्व में भी नहीं लिया
BCCI ने जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है। स्टैंडबाय के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को रखा। हालांकि सिराज का नाम दोनों ही जगह नहीं है।
T20I टीम में फिट नहीं हैं सिराज
एक रिपोर्ट के मुताबिक- हेड कोच गौतम गंभीर मानते हैं कि सिराज T20 टीम में फिट नहीं बैठते। इसलिए उनका सिलेक्शन नहीं किया। सिराज ने अपना आखिरी मैच T20I वर्ल्ड कप में खेला था।

