जीत की गारंटी हैं शिवम दुबे!: 2020 से अब तक 32 टी20 मैच खेले, उसमें टीम इंडिया हारी नहीं; विदेश में जीते 19 मुकाबले
Published:
3 min read

शिवम दुबे ने अब तक 36 टी20 मैच खेले। इस दौरान 26 पारियों में 4 फिफ्टी के साथ 531 रन बनाए। (ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 खेल रही भारतीय टीम में एक ऐसा खिलाड़ी है, जिसके रहते हुए 2020 के बाद से टीम कोई मैच हारी नहीं है। यह प्लेयर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शिवम दुबे हैं। उन्होंने 2020 के बाद से 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें भारतीय टीम हारी नहीं है।
इस दौरान 4 मुकाबले टाई रहे और दो मैच बेनतीजा रहे। इस दौरान शिवम ने बैटिंग के साथ बॉलिंग में भी टीम को मैच जिताए हैं।
शिवम के रहते 32 मैच से टीम हारी नहीं
दरअसल, शिवम दुबे ने 3 नवंबर 2019 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। यह पहला मैच दिल्ली में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 था। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम यह मैच 7 विकेट से हारी थी।
शिवम ने 2019 में कुल 6 टी20 मैच खेले, जिसमें से 2 हारे और 4 जीते थे। फिर 2020 के बाद से शिवम ने कुल 32 मैच खेले, जिसमें से 24 जीते और 4 टाई रहे। 2 मुकाबले बेनतीजा रहे, जबकि दो मैच रद्द हो गए थे।
विदेश में खेले 25 मैच, जिसमें 19 जीते
इस दौरान शिवम ने घर में 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इसमें से 5 जीते, एक टाई रहा और एक बेनतीजा रहा था। शिवम ने 25 मैच विदेशी जमीन पर खेले। इसमें 19 जीते, 3 टाई और एक बेनतीजा रहा। 2 मैच रद्द हुए थे।
टी20 में शिवम का ऑलराउंडर परफॉर्मेंस
इस तरह शिवम दुबे ने अब तक कुल 36 टी20 मैच (2 रद्द मैच नहीं जोड़े) खेले। इस दौरान 26 पारियों में 4 फिफ्टी के साथ 531 रन बनाए। शिवम ने 28 छक्के और 37 चौके लगाए। गेंदबाजी में शिवम ने 25 पारियों में 16 विकेट लिए।
शिवम ने करियर में 4 वनडे मैच खेले, जिसमें 43 रन बनाए हैं। ऐसे में वे वनडे में अब तक बैटिंग-बॉलिंग दोनों में फ्लॉप ही रहे हैं। वनडे में शिवम ने एक विकेट लिया। शिवम को टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिला।
UAE के खिलाफ 4 रन देकर 3 विकेट लिए
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने पहला मैच UAE के खिलाफ खेला, जिसे 4.3 ओवर में ही 9 विकेट से जीत लिया। इस मैच में शिवम दुबे की बैटिंग नहीं आई, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने कमाल किया। शिवम ने 2 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट लिए। अब भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपना दूसरा मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेलेगी।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

