एशिया कप 2025 एक्सप्लेनर: 8 टीम, 20 दिन और 19 मैच; टूर्नामेंट शुरू होने से पहले वो सब जो आप जानना चाहेंगे
Published: Updated:
4 min read

एशिया कप में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 8 बार खिताब जीते हैं। श्रीलंका दूसरे नंबर पर है, जिसने 6 बार खिताब जीते हैं। पाकिस्तानी टीम 2 बार ही एशिया कप जीत सकी है। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद लग रहा था कि एशिया कप 2025 नहीं हो सकेगा, लेकिन यह सारी धारणाएं अब तक गलत साबित हुई हैं। एशिया कप 9 सितंबर यानी बुधवार से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट की मेजबानी भारत के पास है, लेकिन पाकिस्तान से राजनीतिक तनाव के चलते इसे न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट किया गया है।
इस बार एशिया कप में 8 टीमें होंगी, जिनके बीच 20 दिन में फाइनल समेत कुल 19 मुकाबले खेले जाएंगे। हाल ही में 18 मैचों के टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। आइए जानते हैं एशिया कप 2025 के बारे में सबकुछ…
टूर्नामेंट कब से कब तक खेला जाएगा
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर को होगा। फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। इस तरह टूर्नामेंट कुल 20 दिन चलेगा।
ओपनिंग मुकाबला कब और कहां होगा
ओपनिंग मैच 9 सितंबर को अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अबु धाबी में रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार) से खेला जाएगा।
एशिया कप के लिए सभी 8 टीमों का ऐलान, यहां क्लिक कर देखिए सभी स्क्वॉड
कितने वेन्यू पर होंगे मुकाबले
भारत की मेजबानी में होने वाले इस एशिया कप 2025 को UAE में शिफ्ट कर दिया गया है। ऐसे में सभी मुकाबले दुबई और अबु धाबी में होंगे।

मैच की टाइमिंग क्या होगी
UAE में होने वाली तेज गर्मी के चलते टूर्नामेंट के 18 मैचों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। पहले यह मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होने थे। अब भारत में यह मुकाबले रात 8 बजे से लाइव होंंगे। 19 में से सिर्फ एक ही मैच का टाइम नहीं बदला है। यह मुकाबला 15 सितंबर को मेजबान UAE और ओमान के बीच अबु धाबी में खेला जाएगा।
गल्फ स्टेंडर्ड टाइम (GST) और भारतीय स्टेंडर्ड टाइम (IST) में 1 घंटे और 30 मिनट का अंतर है। GST के मुताबिक, 18 मैच शाम 6.30 बजे से खेले जाएंगे, जो भारत में रात 8 बजे से लाइव होंगे।
भारतीय टीम के कितने और किसके खिलाफ मैच
टीम इंडिया यदि फाइनल में पहुंचती है, तो वो कुल 7 मुकाबले खेलेगी। ग्रुप स्टेज में उसे 3 और सुपर-4 राउंड (क्वालिफाई करने पर) में 3 मैच खेलने हैं। एक फाइनल रहेगा, यदि पहुंचती है तब।
भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को UAE से और दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर खेलेगी। तीसरा मैच ओमान से 19 सितंबर को होगा। यह ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच होगा।
कितनी टीमें और ग्रुप होंगे
एशिया कप में इस बार कुल 8 टीमें होंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप-ए में टीम इंडिया, पाकिस्तान, ओमान और UAE हैं। ग्रुप-बी में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और हॉन्ग कॉन्ग की टीमें हैं।
एशिया कप का फॉर्मेट क्या होगा
टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज, सुपर-4 राउंड और फाइनल है। पहले 2 ग्रुप में बंटकर टीमें आपस में मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। इस राउंड में 4 टीमों के बीच रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले होंगे। फिर टॉप-2 टीम के बीच फाइनल होगा।
फाइनल कब और कहां खेला जाएगा
एशिया कप 2025 का फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से होगा।

भारत-पाकिस्तान मैच कब और कहां होगा
एशिया कप में इस बार भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच दुबई में रात 8 बजे से ही होगा।
टीवी-मोबाइल पर लाइव मैच कहां देख सकेंगे
एशिया कप के मुकाबले टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स (Sony Sports Network) चैनल पर देख सकेंगे। मोबाइल यूजर्स टूर्नामेंट के सभी मैच सोनीलिव एप (Sonyliv app) पर देख पाएंगे।
एशिया कप में किस टीम ने कितने खिताब जीते
इस बार एशिया कप का 17वां सीजन खेला जाएगा। पिछले 16 सीजन में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 8 बार खिताब जीते हैं। पाकिस्तान 13 साल से टाइटल जीतने के लिए तरस रहा है। उसने आखिरी खिताब 2012 में जीता था।
एशिया कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में भारतीय टीम के बाद श्रीलंका का नंबर आता है। इस टीम ने 6 बार खिताब जीते हैं। पाकिस्तानी टीम 2 बार ही एशिया कप जीत सकी है।

