एशिया कप 2025 राउंड अप: पाकिस्तान के खिलाफ हमारा स्कोर 3-0, हैंडशेक कन्ट्रोवर्सी, सूर्या-रेफरी सबसे दिक्कत; आखिर में ट्रॉफी लेकर रफूचक्कर
Published:
6 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में पाकिस्तान शुरुआत से ही रोता नजर आया है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच 3 मैच हुए। सभी में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। इन सभी मैचों में एक बात कॉमन रही कि टीम इंडिया ने किसी भी पाकिस्तानी प्लेयर, स्टाफ या अधिकारी से हाथ तक नहीं मिलाया। इस बात से पाकिस्तान को इतनी मिर्ची लगी कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से शिकायत तक कर दी।
यहां भी पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की यह अपील ठुकरा दी। इस एशिया कप में पाकिस्तान हर दम किसी ना किसी बात को लेकर रोता ही रहा है। आखिर में जब भारतीय टीम ने फाइनल मैच जीत लिया, तो PCB चीफ मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर रफूचक्कर हो गए। आइए जानते हैं एशिया कप 2025 राउंड अप और पाकिस्तान कब-कब रोया है…
14 सितंबर को पहला मैच
इस एशिया कप में टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच पहला मैच 14 सितंबर को हुआ था। मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था। यह बात PCB को इतनी बुरी लगी कि उसने ICC को लेटर लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की।
धमकी दी कि डिमांड पूरी नहीं हुई तो एशिया कप का बायकॉट करेंगे। इसके बावजूद ICC ने यह मांग ठुकरा दी। पाकिस्तानी बोर्ड ने दूसरा लेटर लिखकर कहा कि कम से कम पाकिस्तान के मैचों से एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाया जाए, लेकिन यह डिमांड भी ICC ने नहीं मानी।
सूर्या पर पेनल्टी लगाने की मांग की थी
PCB ने राजनीतिक बयान देने के लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की भी शिकायत की थी। उसने सूर्या पर पेनल्टी लगाने की मांग की थी। हालांकि यह डिमांड भी ICC ने ठुकरा दी थी।
UAE के खिलाफ मैच से पहले एक घंटे ड्रामा किया
17 सितंबर को UAE के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उनकी टीम ने जमकर तमाशा किया, जिसे दुनिया ने देखा। पहले एशिया कप से बायकॉट का नाटक किया। फिर मैच से पहले PAK टीम एक घंटे तक होटल से नहीं निकली। इसी एक घंटे में जमकर ड्रामा हुआ।
शाम 6 बजे पाकिस्तान टीम को मैच खेलने के लिए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचना था, लेकिन टीम होटल में ही रुकी रही। PCB ने टीम को होटल में ही रुकने के लिए कह दिया था। यहां मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आईं कि पाकिस्तानी टीम यह मैच नहीं खेलेगी।
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने इमरजेंसी मीटिंग की। इसी दौरान एक घंटे बाद पाकिस्तान टीम को स्टेडियम पहुंचने और मैच खेलने के आदेश दिए। पाकिस्तान टीम स्टेडियम पहुंची। 8 बजे का मैच एक घंटे की देरी से यानी 9 बजे रात को खेला गया। पाकिस्तान ने यह मैच जीत लिया था।
मैच रेफरी के माफी मांगने का झूठ फैलाया
इसी बीच PCB ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तान टीम के कप्तान और मैनेजर से माफी मांग ली है। इसी के चलते टीम मैच खेलने के लिए तैयार हुई।
कुछ ही समय में ICC ने बयान जारी कर कहा कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी है। हालांकि यह माफी हैंडशेक विवाद को लेकर नहीं बल्कि मैच में हुए मिस कम्यूनिकेशन के लिए मांगी है। ऐसे में पाकिस्तान का दावा यहां झूठा साबित होता है।
दूसरे मैच में रऊफ ने गिल-अभिषेक से पंगा लिया
टूर्नामेंट में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच दूसरी टक्कर 21 सितंबर को हुई थी। इस मैच में भी NO हैंडशेक पार्ट-2 देखा गया। भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस के दौरान और मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था।
इसी मैच में पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ के अलावा शाहिन अफरीदी ने भारतीय ओपनर शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा से पंगा लिया। मैच में कई बार इनके बीच नोकझोंक भी हुई। इसके कई वीडियो और फोटोज भी वायरल हुए।
मैच के बाद अभिषेक ने बयान में कहा था- समझ नहीं आ रहा था कि ये लोग (पाकिस्तानी प्लेयर) क्यों जबरदस्ती आकर हमसे भिड़ रहे थे। मुझे यह चीज समझ नहीं आई, इसलिए मैं उनके पीछे पड़ गया। ये बेवजह पर्सनल अटैक कर रहे थे। मैंने और शुभमन गिल ने बात की थी कि मैच जीतकर इसका जवाब देंगे।
गन सेलिब्रेशन पर फरहान को ICC ने हड़काया
इंडिया के खिलाफ दूसरे मैच में साहिबजादा फरहान ने 58 रन बनाए थे। तब उन्होंने फिफ्टी के बाद 'गन सेलिब्रेशन' किया था, जिसपर खूब बवाल हुआ। ICC ने उन्हें इसके लिए वॉर्निंग भी दी थी। फिर तीसरे मैच में फरहान ने 38 बॉल पर 57 रन बनाए। इस दौरान यानी फाइनल में फिफ्टी लगाने के बाद फरहान का जश्न सिंपल ही रहा। उसने बस बैट उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया।
फाइनल के बाद ट्रॉफी लेकर रफूचक्कर हुए नकवी
एशिया कप 2025 का फाइनल 28 सितंबर को इंडिया और पाकिस्तान के बीच ही हुआ था। रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद पाकिस्तान का असली ड्रामा शुरू हुआ। भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद नकवी ने अपने अड़ियल रवैये को दिखाया। वे स्टेज में एक घंटे तक खड़े रहे। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी हुई। तिलक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच और अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इन सबके बीच नकवी स्टेज पर ही रहे। टीम इंडिया इंतजार करती रही कि नकवी यहां हटे तो हम किसी दूसरे ऑफिशियल के हाथों ट्रॉफी लें। मगर नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी को रूम में रखवा दिया था। इसके बाद वे ट्रॉफी लेकर रफूचक्कर हो गए। BCCI अब इसकी शिकायत ICC से करेगा।
इस तरह समझ सकते हैं कि इस एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। तीनों मैच के दौरान पाकिस्तान टीम और PCB किसी ना किसी बात को लेकर रोते ही रहे।

