एशिया कप में पाकिस्तान टीम के कप्तान चोटिल: गर्दन में ऐंठन के बाद पट्टी बांधी, प्रैक्टिस भी नहीं की; रविवार को टीम इंडिया से मुकाबला
Published: Updated:
2 min read

एशिया कप 2025 में पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा संभाल रहे हैं। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 से पाकिस्तानी फैन्स के लिए एक बुरी खबर आई है। टीम के कप्तान सलमान अली आगा चोटिल हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को प्रैक्टिस नहीं की और गले के आसपास पट्टी बांधे नजर आए। टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम अपना पहला मैच 12 सितंबर को ओमान से मैच खेलना है।
इसके बाद भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला रविवार (14 सितंबर) को दुबई में खेला जाएगा। पाकिस्तानी टीम ICC एकेडमी में ट्रेनिंग कर रही है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान अली आगा को गर्दन में ऐंठन की शिकायत है। उनके गले के आसपास बैंडेज लगाई गई। वे मैदान पर बेहद संभलकर चलते दिखे।
PCB ने भी कर दिया कन्फर्म
टीम के खिलाड़ी वॉर्मअप और स्ट्रेचिंग करते दिखे। सभी ने फुटबॉल भी खेली, लेकिन सलमान ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। रिपोर्ट्स बाहर आने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मीडिया मैनेजर ने भी कन्फर्म कर दिया। उन्होंने कहा कि सलमान को हल्की सी ऐंठन है। कोई गंभीर समस्या नहीं है। उनके जल्द ही प्रैक्टिस के लिए टीम से जुड़ने की उम्मीद है।
मीडिया मैनेजर ने उम्मीद जताई है कि सलमान जल्द ही प्रैक्टिस के लिए टीम से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ओमान और भारतीय टीम के खिलाफ मैच के लिए भी सलमान के पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है।
एशिया कप के लिए इंडिया-पाकिस्तान के स्क्वॉड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी और सुफियान मुकीम।

